प्रीतम फिर सुर्खी में, अब कहा मोदी लोधी जोड़ो यात्रा निकालूंगा
ग्वालियर। हमेशा सुर्खियों में रहने वाले और कभी उमा भारती के बेहद नजदीक रहे पिछोर के भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने मंगलवार को फिर एक नया नारा देकर अपने आपको फिर सुर्खियों में ला दिया है। विधायक प्रीतम लोधी ने देशभर में अपने लोधी समाज को भाजपा से जोड़ने के लिये मोदी लोधी जोड़ो यात्रा का ऐलान किया हैं। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व भाजपा की नीतियों से लोधी समाज को जोड़ने के लिये मोदी लोधी जोड़ो यात्रा निकालेंगे। इसके लिए वे अपनी पार्टी से औपचारिक अनुमति भी प्राप्त करेंगे।
विधायक लोधी ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि देश आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर विकास और प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है। ऐसे समय में लोधी समाज के युवाओं को भी इस राष्ट्रीय धारा से जुड़कर अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगानी चाहिए। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि समाज का एक वर्ग नशे जैसी कुरीतियों के जाल में फंसकर अपनी क्षमता का पूरा उपयोग नहीं कर पा रहा है, जिससे न केवल उनका व्यक्तिगत विकास प्रभावित हो रहा है, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि लोधी समाज के युवा प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में इन कुरीतियों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाएंगे, तो समाज का समग्र विकास सुनिश्चित होगा और देश की प्रगति में उनका महत्वपूर्ण योगदान भी बढ़ेगा। विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने यह भी स्वीकार किया कि वे स्वयं कभी इन नकारात्मक प्रवृत्तियों के प्रभाव में आ चुके हैं, लेकिन अब वे संकल्पित हैं कि समाज के युवाओं को इस कुचक्र से बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी से अनुमति मिलती है, तो वे इस यात्रा के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक लोधी परिवार तक पहुंचकर जागरूकता का संदेश देंगे। इस पहल को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसके माध्यम से विधायक जो कि लोधी समाज के कद्दावर नेता हैं और वह अपने लोधी समाज को नेतृत्वकर्ता के भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के साथ जोड़ने का स्पष्ट संदेश दे रहे हैं।