विज्ञान संकाय के टॉपर्स का सम्मान, पी.एम. गुप्ता स्मृति समारोह सम्पन्न
ग्वालियर। शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालयमें मंगलवार को “श्री पी.एम. गुप्ता स्मृति सम्मान समारोह-2026” आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम श्री पी.एम. गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट के सौजन्य से हुआ। समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल द्वारा आयोजित हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026 के विज्ञान संकाय के टॉपर्स को सम्मानित किया गया। छात्रों को प्रशस्ति पत्र, मणि माला और नगद प्रोत्साहन राशि दी गई। सम्मानित छात्रों में गौरी, हर्ष (पिता चंद्रशेखर गोयल), हर्ष (पिता मनोज यादव), मांडवी राठौर, सिया, भूमिका और सुमन जाटव शामिल हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संयुक्त संचालक लोक शिक्षण अरविन्द सिंह ने कहा कि छात्र जीवन में लक्ष्य तय करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मेहनत और निरंतर प्रयास से सफलता मिलती है। संयुक्त संचालक विधि प्रकोष्ठ अजय कटियार ने कहा कि श्री पी.एम. गुप्ता का शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने सम्मानित छात्रों को बधाई दी और उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ट्रस्ट की प्रतिनिधि श्रीमती सीमा सिंघल, देवेन्द्र गुप्ता, योगेश सिंघल व डॉ. जी.डी. अग्रवाल एवं क्षेत्रीय ग्रंथपाल राकेश कुमार शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, व्याख्याता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. जी.डी. अग्रवाल ने किया। विषय प्रवर्तन देवेन्द्र गुप्ता ने किया। आभार प्रदर्शन पुस्तकालय प्रबंधक विवेक कुमार सोनी ने किया। समारोह के दौरान पुस्तकालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। अंत में सामूहिक राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।