कार्यक्रम में डॉ. रुचि चतुर्वेदी (आगरा), शशि श्रेया (लखनऊ), श्रद्धा शौर्य (नागपुर), योगिता चौहान (इटावा), शिखा रघुवंशी (गंज बासौदा) एवं उन्नति भारद्वाज (सिकंदराराऊ, हाथरस) ने अपनी प्रभावशाली काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कवयित्रियों की रचनाओं में वीरांगना लक्ष्मीबाई के संघर्ष, त्याग, बलिदान और अदम्य राष्ट्रनिष्ठा की झलक देखने को मिली। ऐतिहासिक नगरी झाँसी में वीरांगना के शौर्य को समर्पित यह आयोजन साहित्यिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। सम्मेलन का कुशल संचालन कवि सुमित ओरछा ने किया। आयोजन में आदरणीय संतोष साहू का विशेष सहयोग एवं सौजन्य रहा। झाँसी व्यापार मंडल के सहयोगियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं, समाचार पत्र दैनिक जागरण, झाँसी ने आयोजन को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
आयोजन की सफलता पर कार्यक्रम संयोजक कवि हितेश विश्वास 'विश्वा' ने सभी अतिथियों, कवयित्रियों, साहित्यकारों, सहयोगियों एवं उपस्थित सुधीजनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन की वास्तविक सफलता केवल मंच की भव्यता से नहीं, बल्कि उससे जुड़ने वाले लोगों के प्रेम, सहयोग, समर्पण और आत्मीयता से निर्धारित होती है। सभी अतिथियों एवं साहित्यप्रेमियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से इस आयोजन को यादगार बना दिया। उन्होंने कहा कि शौर्य गाथा शंखनाद–2026 केवल एक कवयित्री सम्मेलन नहीं, बल्कि वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के विचारों, आदर्शों और राष्ट्रगौरव को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का एक सार्थक प्रयास रहा। ऐसे आयोजन हमारी साहित्यिक विरासत को समृद्ध करने के साथ-साथ समाज में राष्ट्रप्रेम, नारी सम्मान और सांस्कृतिक चेतना को भी मजबूती प्रदान करते हैं।
संयोजक हितेश विश्वास 'विश्वा' ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी साहित्य, संस्कृति और राष्ट्रगौरव को समर्पित ऐसे आयोजन निरंतर होते रहेंगे तथा सभी साहित्यकारों, कवियों, कवयित्रियों और समाज के प्रबुद्धजनों का सहयोग मिलता रहेगा।