चौराहे ई रिक्शों के अड्डे, हो रहे जाम, झगड़े, हादसे


- शहर के ट्रैफिक सिस्टम को दे रहे चुनौती, पुलिस मूक बनी
ग्वालियर| पड़ाव चौराहा, रेलवे स्टेशन, थाटीपुर, हजीरा स्थित चौराहे और महाराज बाड़ा यहां अगर एक सीन कामन है तो वह है अस्त-व्यस्त खड़े ई रिक्शे। एक बार में पांच से दस रिक्शे सवारियों के इंतजार में कुछ यूं खड़े रहते हैं जैसे यहां बस अड्डा हो। पूरे दृश्य को पुलिस मूक बनी देख रही है।
शहर में दौड़ रहे ई रिक्शे अब तेजी से ट्रैफिक सिस्टम को बर्बाद कर रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों पर गौर करें तो शहर में तमाम रोक व नियम कायदे ताक पर रखकर करीब 16 हजार ई रिक्शे दौड़ रहे हैं। वर्ष 2021 में करीब 1800 ई रिक्शे शहर में दौड़ रहे। व्यस्ततम चौराहों पर बीचो-बीच खड़े होने वाले ये यात्री वाहन गंभीर जाम, विवाद और परेशानी की वजह बन रहे हैं। दिन हो या रात इन स्थानों पर जमे ये ई रिक्शे कई बार गंभीर हादसों की वजह बन जाते हैं। चौराहों पर जब तेज गति से आ रहे वाहन बीच में खड़े ई रिक्शों को टक्कर होने से बचाते हैं तो वे अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले लेते हैं। इससे चौराहे पर अव्यवस्था की स्थिति निर्मित हो जाती है। तात्कालीन कलेक्टर रहे कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने ई रिक्शों पर रोक लगाने के लिए परिवहन विभाग को पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ई रिक्शों के लिए आड-ईवन की व्यवस्था शुरू की। मगर यह इंतजाम भी ध्वस्त हो गए।  

अक्सर जाम जैसे हालात
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, हजीरा चौराहा, मुरार थाटीपुर में कुछ चौराहे ऐसे हैं जहां किसी भी वक्त गुजरना दूभर हो जाता है। दरअसल चौराहों के बीचोंबीच खड़े ये रिक्शे इस बात की परवाह किए वगैर खड़े रहते हैं कि दूसरे वाहनों को यहां से गुजरना है। ऐसी स्थिति में अक्सर जाम लग जाता है।

ट्रैफिक सिग्नल की परवाह नहीं
शहर के कई चौराहे तो ऐसे हैं जहां ट्रैफिक सिग्नल भी इन ई रिक्शों की हरकतों को रोक नहीं पा रहे हैं। चौराहों पर रेड सिग्नल हो या न हो यह जब चाहे जहां अपने रास्ता बना लेते हैं। कई बार तो इन ई रिक्शों से अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो जाती है।

तेजी से बढ़े रिक्शे
शहर में हाल ही में बड़ी तेजी से ई रिक्शों की संख्या में इजाफा हुआ है। पिछले दिनों प्रशासन ने संख्या बढ़ने के बाद इनके संचालन का शेड्यूल तय किया था मगर ये शेड्यूल से भी संचालित नहीं किए जा रहे हैं। हाल ही में जांच के दौरान पाया गया है कि शहर में आसपास के जिलों से भी ये रिक्शे बड़ी संख्या में आकर यहां चलाए जा रहे हैं।

खतरनाक हो रही यात्रा
इनमें यात्रा करने वालों पर हर वक्त हादसे का खतरा छाया रहता है। कई बार ढलाने से उतरते समय ये ई रिक्शे तेज रफ्तार होने पर पलट चुके हैं। वहीं सपाट सड़कों पर भी गड्ढे में फंसने के दौरान ये पलट चुके हैं। इनमें चार सवारियों को बैठाने का नियम है मगर ये मनमाने किराए के लालच में ज्यादा सवारियां बैठा रहे हैं।    

posted by Admin
32

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->