ग्वालियर। श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर पर लगभग 75 दिनों के बाद अचलनाथ बाबा के दानपात्रों को खोलने का कार्य प्रारंभ किया गया। गुरुवार को 5 दानपेटियां खोली गईं, जिनसे 8 लाख 50 हजार रुपये की राशि निकली, जिसे बैंक में जमा करा दिया गया। आज शुक्रवार को पुनः 8 पेटियों को खोला जाएगा। इस दौरान दान पेटी में जीवन से जुड़ी अर्जी की बहुत सारी पर्चियां भी मिली है।
श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर के न्यासी अध्यक्ष राजेश ऐरन ने बताया कि यह कार्य वरिष्ठ बैंक अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। दान की गिनती में कोषाध्यक्ष कृष्ण बिहारी गोयल एवं उपाध्यक्ष नवीन गर्ग, कार्यकारिणी सदस्य आकाश सिंह, अतुल गुप्ता सहित अन्य कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि भक्तों की जिंदगी से जुड़ी अचलेश्वर महादेव के समक्ष लगाई गई अर्जी की पर्चियां भी दानपात्रों से निकली हैं। कार्यालय में चल रही गिनती को बाहर लगाई गई टीवी स्क्रीन पर भक्तों ने देखा। गुरुवार को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक यह कार्य निरंतर चलता रहा। आज शुक्रवार को सुबह 10 बजे से पुनः दानपेटी राशि की गिनती का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।