भारत के संतों ने विश्व का चिंतन किया : रविन्द्र किरकोले
हिन्दू पतितो भवेत्’ राष्ट्रीय समरसता समागम में सामाजिक एकता और राष्ट्रचिंतन पर हुआ मंथन
ग्वालियर। महापुरुष मनुष्य को इस प्रकार प्रेरित करने का प्रयास करते हैं कि वह श्रेयस के मार्ग को ही प्रिय मानने लगे। जो उसके कल्याण का मार्ग है, वही उसे रुचिकर लगने लगे। संत शिरोमणि रविदास जी ने श्रेष्ठता को समाज के बीच प्रसारित करके सबका प्रिय बना दिया। उक्त उदगार प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय समरसता समागम में मुख्य अतिथि की आसंदी से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समरसता आयाम के राष्ट्रीय सह संयोजक रविंद्र किरकोले ने व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत ने की।
उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता ने कहा कि जब हम पुरातन समय के भारत का चित्र देखते हैं, तो उसमें किसान, कारीगर, विद्वान और व्यापारी सभी दिखाई देते हैं। इन सभी ने मिलकर काम किया। समाज के प्रत्येक वर्ग को उसकी यथोचित भूमिका और सम्मान मिला। सभी ने देश के उत्थान में योगदान दिया, तभी हमारा देश सोने की चिड़िया कहलाया। मंच पर संगीत विश्वविद्यालय की कुलगुरु श्रीमती स्मिता शास्त्रबुद्धे, केआरजी कॉलेज के प्राचार्य हरीश अग्रवाल, सामाजिक समरसता के प्रांत संयोजक हरिश्चंद्र शर्मा जी एवं प्रज्ञा प्रवाह के प्रांत संयोजक धीरेन्द्र चतुर्वेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों का परिचय एवं स्वागत शोध आयाम के प्रमुख दीप तोमर ने किया। कार्यक्रम का सह-आयोजन जीवाजी विश्वविद्यालय, एम.एल.बी. कॉलेज, संगीत विश्वविद्यालय एवं पुरुषार्थ सेवा फाउंडेशन द्वारा किया गया।
प्रथम सत्र में रवि द्विवेदी ने प्रस्तावना रखते हुए भारतीय खंडन-मंडन की परंपरा और वैचारिक संवाद के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि लोकमंथन केवल विचारों का नहीं, बल्कि मन और चेतना के मंथन का भी माध्यम है।
मुख्य वक्ता ने आगे कहा कि हमें भारत को आगे बढ़ाना है तो हमें 140 करोड़ लोगों का चिंतन नहीं, बल्कि पूरे विश्व का चिंतन करना होगा। यदि 140 करोड़ लोगों का विचार करेंगे तो निश्चित ही हम भारतीयता छोड़ चुके है। भारतीय दर्शन वसुधैव कुटुंबकम के भाव पर आधारित है। भारत के संतों ने समग्र विश्व का चिंतन किया है। उन्होंने कहा कि जो परतंत्रता में रहता है, वह सदैव उपहास का पात्र होता है।
इसके पश्चात संगीत विश्वविद्यालय की ओर से संत रविदास जी के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने उनके जीवन, संघर्ष और सामाजिक समरसता के संदेश को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित दर्शकों ने सराहना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. महिमा तारे ने किया।
जिओ और जीने दो, यह भारत का संस्कार : राजपूत
समागम की अध्यक्षता करते हुए प्रो. डॉ. दिवाकर सिंह राजपूत ने कहा समरसता हमारे अंतर्मन की व्यवस्था है। जो भ्रान्तियां हैं, उन्हें हम सभी को मिलकर हटाना है। उन्होंने कहा कि भारत का मूल पूरी वसुधा को एक परिवार की तरह देखना है, फिर भेदभाव क्यों? भेदभाव भारत का मूल स्वभाव नहीं है। जिओ और जीने दो, यही भारत का भाव है। सब हमारे हैं और हम सबके हैं। यही सामाजिक समरसता है और यही भारत के संतों ने समाज के बीच प्रवाहित किया। संत रविदास जी ने समाज के भेदभाव को समाप्त किया। अमीर और गरीब को एक साथ खड़ा कर दिया।
मन को शुद्ध करता है धर्म : ज्ञानी जी
समागम के द्वित्तीय सत्र में मुख्य अतिथि गुरुद्वारा के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी जतिन्दर सिंह जी ने कहा कि गुरु नानक देव और संत रविदास जी सहित अनेक संतों ने विचारों के प्रति कैसे एक दूसरे को देखना है? इसका एक मॉडल हमने विकसित किया है। अपने जीवन काल में दो बार इनका बहुत अच्छा संवाद एक दूसरे से हुआ है। एक कोई वैष्ण है, कोई अद्वैती है, कोई समुन्द्र है, कोई नदियों है, कोई राम को मानता है, कोई कृष्ण को मानता है। ऐसे अलग-अलग पद्धति से जो आध्यात्मिक धारा चली है वो सब एक दूसरे के साथ बैठती है, विचार करती है, संवाद करती है। अन्याय का विरोध होना चाहिए। और वो बिना क्रोध और बिना द्वेष होना चाहिए। रविदास जी ने सामाजिक विषमता का विरोध किया। मगर कहीं भी क्रोध, विषद का नाम नहीं है। हिंसा नहीं है। विश्व में भी अन्याय होगा, विरोध करना पड़ेगा।
पुस्तक विमोचन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र
द्वितीय सत्र में ‘गुरु ग्रंथ साहिब में सामाजिक समरसता का संदेश’ पुस्तक का विमोचन ग्वालियर के फूलबाग गुरुद्वारा के प्रमुख ज्ञानी द्वारा किया गया। उन्होंने गुरु नानक देव जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए मानव समानता, सेवा, सद्भाव तथा सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का संदेश दिया। उन्होंने गुरु नानक देव जी की वाणी में निहित मानवीय मूल्यों और आंतरिक शुद्धता के महत्व को रेखांकित किया।
यह जानकारी कार्यक्रम के मीडिया संयोजक डॉ. जगमोहन द्विवेदी ने दी।