श्रीमंत माधव राव सिंधिया शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय, ग्वालियर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में महाविद्यालय परिसर में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. मीडिया प्रभारी डॉ सुयश कुमार एवं डॉ राजनारायण शर्मा बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, कलात्मक अभिरुचि और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था|
प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ सहभागिता की. विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों, आकृतियों एवं आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का सुंदर प्रदर्शन किया. प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई रंगोलियों में दीपावली के पारंपरिक स्वरूप, दीपों की रोशनी, भारतीय संस्कृति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया| रंगों के माध्यम से विद्यार्थियों ने दीपावली के वास्तविक संदेश को प्रस्तुत करते हुए आपसी प्रेम, सद्भाव, सकारात्मकता और खुशियां बांटने का संदेश दिया. सभी प्रतिभागियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से भारतीय लोककला एवं सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की।प्रतियोगिता अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ सरिता श्रीवास्तव ने इस प्रकार की गतिविधियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया. साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ अर्चना श्रीवास्तव एवं सुश्री सुप्रिया दीक्षित तथा अन्य प्राध्यापकगण ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना कैंपस एंबेसडर इच्छा शर्मा सहित स्वयंसेवक गुंजन, मानसी, मुस्कान, गुनगुन, आगया, शिवांगी, अगरिया, निखिल पाण्डेय एवं अन्य स्वयंसेवकों की सक्रिय सहभागिता रही| कार्यक्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं त्योहारों के महत्व को समझने का अवसर प्रदान किया गया. राष्ट्रीय सेवा योजना की इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सांस्कृतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी एवं सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करना भी है|