नशा मुक्त भारत अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 मुरार सम्मानित
ग्वालियर। अहिंसा महिला बाल कल्याण स्वास्थ्य शिक्षा प्रसार समिति द्वारा बुधवार को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, मुरार को सम्मानित किया गया। एवं उत्कृष्ट योगदान देने वाले छात्र छात्राओं को भी प्रमाण पत्र एवं शील्ड तथा मेडल देकर सम्मानित किया गया।
समिति के सचिव दीपेश श्रीवास्तव, केंद्र प्रभारी मोहिनी वाष्र्णेय और सदस्य नीतू गुप्ता ने प्राचार्य प्रबुद्ध गर्ग, काउंसलर डॉ. दीप्ति गौड़ एवं विद्यालय परिवार को सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए। अभियान के तहत आयोजित जागरूकता प्रतियोगिताओं में सक्रिय रहे छात्र-छात्राओं को भी मौके पर ही प्रशस्ति पत्र दिए गए। इस अवसर पर प्राचार्य प्रबुद्ध गर्ग ने कहा कि विद्यार्थी सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर व्यक्तित्व विकास कर रहे हैं। सचिव दीपेश श्रीवास्तव ने कहा कि जागरूक विद्यार्थी ही नशामुक्त और सशक्त भारत की नींव बनेंगे। सामाजिक गतिविधियों में बढ़ चढ़कर सर्वाधिक पुरस्कार एवं मेडल लेने वाली कक्षा दसवीं की छात्रा अनन्या शर्मा रही। उन्होंने चित्रकला में दो और स्लोगन में भी एक मेडल तथा प्रमाण पत्र हासिल किये। कार्यक्रम का संचालन मुकेश जाटव और आभार डॉ. दीप्ति गौड़ ने माना। इस दौरान रेखा मुले, अवधेश पांडेय, डॉ. उमेश पाठक सहित स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।