डिप्टी रेंजर 20 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा
लोकायुक्त उज्जैन की टीम ने शुक्रवार शाम जावरा उप वनमंडल में पदस्थ डिप्टी रेंजर कमल देवड़ा को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा। डिप्टी रेंजर ने जलाऊ लकड़ी से भरे ट्रक को छोड़ने और केस नहीं बनाने के एवज में 2 लाख रुपए मांगे थे। बाद में 65 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। शुक्रवार शाम करीब पौने 7 बजे उसने अपने ऑफिस में आवेदक से 20 हजार रुपए लेकर जेब में रख लिए। इशारा मिलते ही लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया।
लोकायुक्त डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल ने बताया कि आवेदक रहीश खां पिता अमीर शाह, निवासी ग्राम शक्करखेड़ी, तहसील पिपलोदा ने 29 अक्टूबर को लोकायुक्त एसपी उज्जैन से शिकायत की थी। डीएसपी के मुताबिक, आवेदक 5 से 7 दिन पहले रतलाम जिले के कालूखेड़ा क्षेत्र से ट्रक में जलाऊ लकड़ी लेकर जा रहा था। यह लकड़ी ईंट भट्ठे में आग जलाने के लिए ले जाई जा रही थी। रास्ते में डिप्टी रेंजर की टीम ने ट्रक रोक लिया। ट्रक छोड़ने और केस नहीं बनाने के बदले 2 लाख रुपए मांगे गए। रुपए नहीं देने पर केस में फंसाने की धमकी दी गई। बाद में 65 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। डीएसपी ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 6.30 बजे लोकायुक्त की टीम ने ट्रैप की कार्रवाई शुरू की। योजना के मुताबिक, आवेदक रिश्वत की रकम लेकर डिप्टी रेंजर के ऑफिस पहुंचा। शाम करीब पौने 7 बजे कमल देवड़ा ने 20 हजार रुपए लेकर अपनी जेब में रख लिए। आवेदक का इशारा मिलते ही टीम ने उसे रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया।