स्वदेशी मेले में साडा अध्यक्ष शर्मा ने गौ पूजन कर स्वदेशी अपनाने का दिया संदेश
ग्वालियर। साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा ने गुरुवार को ग्वालियर में आयोजित स्वदेशी मेले का भ्रमण कर स्वदेशी उत्पादों, हस्तनिर्मित वस्तुओं और भारतीय परंपराओं पर आधारित विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी कर देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देने का संदेश दिया और स्वदेशी अपनाने के साथ उसके प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर बल दिया।
मेले में अशोक शर्मा ने विभिन्न दुकानों पर प्रदर्शित स्वदेशी वस्तुओं को देखा और स्थानीय उत्पादों के प्रति रुचि दिखाई। मेले में ग्रामीण जीवन की झलक प्रस्तुत करने के लिए तैयार किया गया गांव विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां गांव के कुएं, घरों और पाठशालाओं सहित ग्रामीण परिवेश से जुड़ी विभिन्न संरचनाओं के माध्यम से पारंपरिक भारतीय जीवनशैली को जीवंत रूप दिया गया था। इस अनूठी प्रस्तुति को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और तस्वीरें व वीडियो बनाकर इसे सोशल मीडिया पर साझा किया।
अशोक शर्मा ने भी ग्रामीण परिवेश की इस प्रस्तुति का आनंद लिया। उन्होंने गायों का पूजन किया और पारंपरिक कुएं में रस्सी डालकर पानी निकालने का अनुभव भी लिया। मेले में उनका यह सहज और पारंपरिक अंदाज देखने को मिला। उन्होंने विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन करते हुए स्वदेशी उत्पादों और भारतीय संस्कृति से जुड़े आयोजनों में रुचि दिखाई।
स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी कर अशोक शर्मा ने यह संदेश दिया कि देश में निर्मित उत्पादों को प्राथमिकता देना केवल खरीदारी तक सीमित नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था, स्थानीय कारीगरों और पारंपरिक उद्यमों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और उनके प्रचार-प्रसार से आत्मनिर्भर भारत की भावना को और मजबूती मिल सकती है।