नुक्कड़ नाटक में दिखाए साइबर ठगी और नशे के दुष्परिणाम, 20 शिक्षण संस्थानों ने लिया हिस्सा
ग्वालियर। स्वदेशी मेला दीपोत्सव 2026 में आयोजित सांस्कृतिक गतिविधियों के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। च्सामाजिक मुद्देज् विषय पर आधारित इस प्रतियोगिता में 15 विद्यालयों और पांच महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय और प्रभावशाली संवादों के जरिए साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों को उजागर किया। नशामुक्त समाज की थीम पर प्रस्तुतियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करती है। वहीं, आधुनिक तकनीक के बढ़ते उपयोग के बीच साइबर ठगी और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्कता बरतने का संदेश भी दिया। प्रस्तुतियों में सामाजिक समस्याओं के साथ उनके समाधान पर भी जोर दिया गया। दर्शकों ने विद्यार्थियों के अभिनय और संदेशपरक प्रस्तुतियों की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया और वेद प्रकाश शिवहरे उपस्थित रहे। स्वदेशी मेला ग्वालियर के संयोजक आर.पी. माहेश्वरी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में डॉ. संजीव शर्मा और डॉ. मंदाकिनी शर्मा सहित अन्य निर्णायकों ने भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती रोली श्रीवास्तव ने किया। सांस्कृतिक संयोजक डॉ. नीति पांडे ने बताया कि स्वदेशी मेला दीपोत्सव में प्रतिदिन सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ मातृशक्ति भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रही हैं। कार्यक्रम में सर्वेश दीक्षित और रेनू धाकड़ सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।