31 मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा करें चंबल से पानी लाने की योजना का कार्य: सांसद कुशवाह
ग्वालियर । सांसद भारत सिंह कुशवाह ने चंबल से ग्वालियर पानी लाने की महत्वाकांक्षी योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना का संपूर्ण कार्य 31 मार्च 2027 तक हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि दिसंबर माह में वे स्वयं मौके पर पहुंचकर योजना के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों का भौतिक निरीक्षण करेंगे।
समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों ने सांसद कुशवाह को अवगत कराया कि चंबल से पानी लाने की योजना के तहत अब तक लगभग 25 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्य तेजी से किया जा रहा है। सांसद कुशवाह ने योजना के कार्य में आ रही विभिन्न बाधाओं की भी जानकारी ली। इस दौरान एमपीआरडीसी एवं राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) से संबंधित लंबित समस्याओं पर चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर इन समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि योजना के कार्य में किसी प्रकार की देरी न हो। बैठक में नगर निगम के अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव, कार्यपालन यंत्री श्रीमती शालिनी सिंह, शिशिर श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।