हरदीप पुरी को मप्र से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में पुतला दहन
ग्वालियर। एपस्टीन फाइल विवाद को लेकर सवालों के घेरे में आए हरदीप पुरी को भारतीय जनता पार्टी द्वारा मध्यप्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने के विरोध में मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव के नेतृत्व एवं विधायक डॉ. सतीश सिकरवार की उपस्थिती में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ग्वालियर द्वारा अचलेश्वर चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन कर हरदीप पुरी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने भाजपा के फैसले के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
पुतला दहन करते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव, विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने कहा कि भाजपा नेतृत्व को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार क्यों बनाया गया, जिनका नाम एपस्टीन फाइल विवाद के संदर्भ में सवालों के घेरे में है। फिर भी भाजपा ने प्रदेश की भावनाओं और सम्मान को नजरअंदाज करते हुए ऐसा निर्णय लिया है। यह फैसला प्रदेश की जनता के सम्मान की अनदेखी है। भाजपा को प्रदेश की जनता के सामने इस निर्णय का जवाब देना चाहिए। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और प्रदेश के सम्मान एवं जनभावनाओं के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं करेगी।