झाँसी रोड के शेष भाग का निर्माण 3 दिवस के अंदर किया जाए: MPCCI
ग्वालियर। झाँसी रोड के शेष भाग का निर्माण नहीं होने से इस मार्ग पर स्थापित शोरूम संचालकों व उनके कर्मचारियों को धूल के कारण हो रही परेशानी और कारोबार पर पड़ रहे प्रतिकूल असर को ध्यान में रखते हुए म.प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री द्वारा जिलाधीश, ग्वालियर एवं मुख्य अभियंता, लोक निर्माण विभाग को पत्र प्रेषित कर 03 दिवस के अंदर मार्ग के शेष भाग का निर्माण किए जाने की माँग की गई है ।
अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष-सुरेश बंसल, उपाध्यक्ष-संदीप नारायण अग्रवाल, मानसेवी सचिव-दीपक अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव-दीपक पमनानी एवं कोषाध्यक्ष-मनोज अग्रवाल ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में अवगत कराया गया है कि PWD द्वारा ए. जी. ऑफिस के पास ROB से माधव नगर के सामने से बिक्की फेक्ट्री तक सड़क मार्ग दोनों साइड का आरसीसी का बनाया है, जिससे बिक्की फेक्ट्री चौराहे से चेतकपुरी आते समय नाका चन्द्रवदनी से पहले जहाँ रॉयल ऑटोमोबाइल्स आदि ऑटोमोबाइल के शोरूम भी हैं, उनके संचालकों व उनके कर्मचारियों का धूल के कारण स्वास्थ्य लगातार खराब हो रहा है और साथ ही, उनके कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ा है एवं यह मार्ग हाईवे होने के बावजूद भी लोग इसका उपयोग करने से परहेज करते हैं एवं लश्कर क्षेत्र में आने के लिए केंसर पहाड़ी, मांढरे की माता वाले मार्ग का उपयोग करते हैं ।
पदाधिकारियों ने कहा है कि उपरोक्त सड़क के निर्माण के संबंध में पूर्व में भी हमारे द्वारा अनुरोध किया जा चुका है, परन्तु वास्तविक स्थिति अत्यन्त ही दयनीय है । वाहन चालकों का इस मार्ग पर चलना काफी कष्टप्रद होने से वाहन चालक केंसर हॉस्पीटल रोड से आवागमन करने के लिए मजबूर हैं, जिसके कारण उक्त मार्ग पर ट्रेफिक का दबाव अत्याधिक हो गया है, जिसके कारण दुर्घटना की आशंका प्रत्येक समय बनी रहती है और कटोराताल आदि क्षेत्र के पास जाम की स्थिति रहती है । साथ ही, ए. जी. ऑफिस से प्रारम्भ होने वाला यह नवीन मार्ग पूर्व मार्ग की सतह से लगभग आठ इंच ऊँचा है, परन्तु इस नवीन मार्ग पर वाहनों के चढ़ने व उतरने के स्थानों पर स्लोप नहीं बनाए जाने से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है व इससे दुर्घटना की प्रबल संभावना बनी रहती है । यही स्थिति श्रीराम कॉलोनी व हरीशंकरपुरम में जाने व आने में बेहद असुविधा होती है ।
पदाधिकारियों ने माँग की है कि झाँसी रोड के शेष भाग का निर्माण 03 दिवस के अंदर पूर्ण किया जाए अन्यथा व्यवसाईयों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसकी पूर्णतः जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी की होगी । पत्रों में आशा व्यक्त की गई है कि स्थानीय व्यवसाईयों के साथ-साथ शहरवासियों की इस गंभीर परेशानी को समझते हुए, आपके द्वारा उक्त मार्ग का निर्माण 03 दिवस के अंदर प्राथमिकता के साथ पूर्ण कर लिया जाएगा, ताकि भविष्य में कोई जनहानि जैसी संभावनाओं को रोका जा सकेगा ।