ग्वालियर। 1 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस एवं इंडिया गठबंधन द्वारा आयोजित होने वाली विशाल महारैली और प्रदर्शन को लेकर ग्वालियर में तैयारियां जारी हैं। यह महारैली मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) और कथित वोट काटने ओर अनियमितताओं के विरोध में आयोजित की जा रही है। महारैली की तैयारियों और ग्वालियर से कार्यकर्ताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 16 ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक डॉ. सतीश सिकरवार के नेतृत्व में जी.वाई.एम.सी. गार्डन में एक वृहद बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप में शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव, प्रदेश प्रवक्ता राम पाण्डे, वरिष्ठ नेता उत्तम सिंह कुशवाह, एम.आई.सी सदस्य अवधेश कौरव, नाथूराम ठेकेदार, ब्लाॅक अध्यक्ष विनोद जैन, राजेश तोमर, अनूप शिवहरे, संदीप यादव, पूर्व पार्षद रामअवतार जाटव, पार्षद केदार बरहादिया, सुरेन्द्र साहू, प्रमोद खरे, अंकित कठठ्ल मंचासीन रहे। बैठक का संचालन डाॅ. राकेश अग्रवाल ने किया।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. सिकरवार ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरते हुए कहा कि लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव निष्पक्ष चुनाव और पारदर्शी मतदाता सूची होती है। जब चुनाव प्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) जैसी प्रक्रियाओं पर ही सवाल खड़े होने लगें, तो खामोश बैठना देश और संविधान के साथ अन्याय होगा। आज मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर जनता और विपक्ष में गहरा आक्रोश है। मुख्य चुनाव आयुक्त की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों के बीच अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली केवल एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक ढांचे को बचाने का शंखनाद है। ग्वालियर पूर्व का एक-एक कार्यकर्ता अपनी पूरी ताकत के साथ दिल्ली पहुंचेगा और इस जन-आंदोलन को ऐतिहासिक बनाएगा। बूथ स्तर से लेकर वार्ड स्तर तक के सभी साथी एकजुट होकर जनता की आवाज को दिल्ली के मंच तक पहुंचाएं। विधायक ने कहा कि राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने के लिए हम सबको दिल्ली पहुंचना है।
बैठक को संबोधित करते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का मत सबसे बड़ी ताकत होता है और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखना निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है। मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और एस.आई.आर. को लेकर उठ रहे सवालों पर कांग्रेस लगातार अपनी आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयोजित होने वाली महारैली में ग्वालियर से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक ब्लॉक, वार्ड और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाकर दिल्ली पहुंचने की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि ग्वालियर की भागीदारी प्रभावी रूप से दर्ज हो सके।