दिल्ली में लोकतंत्र बचाओ मार्च में ग्वालियर के कांग्रेसजनों ने लिया भाग
ग्वालियर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ एवं वोट बचाओ अभियान के तहत वोट चोरी के खिलाफ आवाज बुलंद करने और निष्पक्ष चुनाव तथा जनता के मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव एवं प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा के नेतृत्व में ग्वालियर के अनेक काँग्रेसजन दिल्ली पहुंचे। बाराखंबा रोड से सुप्रीम कोर्ट तक आयोजित मार्च में शामिल होकर कांग्रेसजनों ने लोकतंत्र, संविधान और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र की बुनियाद पर चोट है। लोकतंत्र में जनता का वोट ही सबसे बड़ी ताकत है और इस ताकत को कमजोर करने के किसी भी प्रयास के खिलाफ कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती रहेगी। निष्पक्ष चुनाव और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि पूरे देश और संविधान में विश्वास रखने वाले प्रत्येक नागरिक का सवाल है। कांग्रेस पार्टी का लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ और वोट बचाओ अभियान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने तथा जनता के मताधिकार की रक्षा करने का आंदोलन है। जब भी लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं, तब उनकी रक्षा के लिए आवाज उठाना प्रत्येक लोकतंत्र समर्थक नागरिक की जिम्मेदारी बन जाती है। दिल्ली में आयोजित यह मार्च इसी संकल्प और संघर्ष का प्रतीक है। कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से एकजुट हैं। जनता के वोट की ताकत से ही सरकारें बनी हैं और जनता के मताधिकार का सम्मान ही लोकतंत्र की असली पहचान है। कांग्रेस का संकल्प है कि देश में निष्पक्ष चुनाव, पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया और प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।