रौरा में जन-विश्वास शिविर आयोजित: 129 ग्रामीणों ने दिए आवेदन, 98 प्रकरणों का मौके पर निराकरण
ग्वालियर । “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत प्रत्येक सप्ताह जिले में आयोजित किए जा रहे जन-विश्वास शिविरों की कड़ी में शनिवार को जिला स्तरीय शिविर मुरार विकासखंड के ग्राम पंचायत रौरा में आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शिविर में उपस्थित होकर शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही आमजनों की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण भी किया। शिविर में शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के तहत हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया। 60 से अधिक किसानों को खसरा-खतौनी में संशोधन कर उसकी नकल भी शिविर में प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शनिवार को ग्राम पंचायत रौरा में आयोजित शिविर में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान जिले के अधिकारियों के साथ पहुँचीं और उन्होंने ग्राम पंचायत में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी केन्द्रों, शासकीय विद्यालय के साथ-साथ पंचायत द्वारा किए जा रहे कार्यों का भी अवलोकन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्कूल प्रांगण में आयोजित शिविर में 129 ग्रामीणजनों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए गए जिनमें से 98 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों के निराकरण के लिये समय-सीमा निर्धारित कर विभागीय अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु अनेक प्रकार की सहायता मुहैया कराई जा रही है। हम सबको चाहिए कि हम शासकीय योजनाओं का लाभ उठाकर स्वयं अपने आप को आर्थिक रूप से मजबूत करें और अपने रोजगार के माध्यम से अन्य लोगों को भी रोजगार मुहैया कराएं। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने शिविर में विभागीय अधिकारियों द्वारा लगाए गए अपने-अपने विभाग के काउण्टरों के माध्यम से किए जा रहे निराकरण का भी अवलोकन किया और विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं उनका तत्परता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह घुरैया, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अतुल सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
जन-विश्वास शिविर में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने रौरा ग्राम के 60 किसानों को खसरे की संशोधित प्रति प्रदान की।ग्राम रौरा में आयोजित जन-विश्वास शिविर में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के समक्ष इस गाँव के ही एक दिव्यांग ने दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और ट्राइस्किल के लिये आवेदन किया तो उन्होंने शिविर में उपस्थित दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाने के लिये गठित बोर्ड के सदस्यों को निर्देशित किया कि तत्काल दिव्यांगजन की जाँच की जाए और निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाए। मौके पर ही बोर्ड के सदस्यों द्वारा जाँच कर संबंधित को 80 प्रतिशत दिव्यांगता का प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही पात्रता अनुसार उन्हें ट्राइस्किल भी शीघ्र प्रदान करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के माध्यम से प्रदेश के मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूली प्रदान करने की योजना के तहत ग्राम रौरा के दो मेधावी छात्रों को योजना के माध्यम से नई स्कूटी प्राप्त हुई है।
आंगनबाड़ी केन्द्र और स्कूल में भी पहुँचीं कलेक्टर
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत ग्राम रौरा में आयोजित शिविर में पहुँचने से पहले कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सोजान सिंह रावत ने ग्राम पंचायत रौरा में संचालित दोनों आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन का भी निरीक्षण किया और स्वयं भोजन को चखकर भी देखा। उन्होंने बच्चों से भी संवाद किया और उन्हें टॉफियां वितरित कीं। कलेक्टर ने रौरा में ही स्थापित हाईस्कूल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल में स्मार्ट क्लास में पहुँचकर बच्चों से संवाद स्थापित किया और विभिन्न विषयों के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने निरीक्षण के दौरान स्कूल में शिक्षकों से भी बच्चों की पढ़ाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उनहोंने क्लासरूम में अतिरिक्त लाइट की व्यवस्था करने के दिशा-निर्देश भी दिए।