ग्वालियर। भाजपा जिला महामंत्री जवाहर प्रजापति ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ, स्वावलंबी और सशक्त राष्ट्र का आधार माना था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान जनआंदोलन बना है। हमें इसे केवल विशेष दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन की आदत बनाना चाहिए। वे गांधी जयंती एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय गजराराजा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वार्ड-50 में स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छता जागरूकता का विशेष महत्व है, क्योंकि बच्चे और युवा ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनते हैं। कार्यक्रम में पदाधिकारियों, स्वच्छता कर्मियों, विद्यालय स्टाफ, छात्राओं और आमजन ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया और आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पार्षद अनिल सांखला, वरिष्ठ नेता राजेन्द्र सिंह कुशवाह, नरेश जेठवानी, किक्की पंडित, हर्षित शर्मा, राहुल चौधरी सहित अन्य उपस्थित रहे।