ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय में अब एनसीसी की दो विंग शुरू करने की तैयारी है। इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत और 8 मप्र बटालियन एनसीसी के सीओ कर्नल सुमीत दुआ के बीच बैठक हुई। बैठक में एनसीसी विंग शुरू करने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
विश्वविद्यालय में एनसीसी की दोनों विंग शुरू करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और औपचारिकताओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। तय किया गया कि एनसीसी विंग प्रारंभ करने के लिए संबंधित स्तर पर पत्राचार किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी। विश्वविद्यालय में एनसीसी शुरू होने से विद्यार्थियों को सैन्य प्रशिक्षण के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।