स्वच्छ भारत को धरातल पर उतारना सभी नागरिकों का कर्तव्यः विधायक सिकरवार
- पूर्व विधानसभा के पांचों ब्लॉकों और 1000 बिस्तर अस्पताल में चला स्वच्छता अभियान, स्वच्छता दूतों का हुआ सम्मान
ग्वालियर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शहर में स्वच्छता और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। स्वच्छ ग्वालियर-स्वस्थ ग्वालियर के संकल्प के साथ जहां एक ओर ग्वालियर पूर्व विधानसभा के सभी पांचों ब्लॉकों में विधायक डॉ. सतीश सिकरवार के नेतृत्व में एक साथ सफाई अभियान चला, वहीं दूसरी ओर लायंस क्लब ऑफ ग्वालियर ने नगर निगम के सहयोग से शहर के 1000 बेड अस्पताल में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर बापू को स्वच्छांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में महापौर डाॅ. शोभा सिकरवार एवं विधायक डाॅ. सतीश सिकरवार मौजूद रहें। कार्यक्रमों में शहर को साफ-सुथरा रखने में दिन-रात जुटे रहने वाले स्वच्छता दूतों का शाॅल-श्रीफल एवं माला भेंट कर सम्मान किया गया।
ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. सतीश सिकरवार के नेतृत्व में विधानसभा के सभी पांचों ब्लॉकों में सुबह 9ः30 बजे एक ही समय पर सफाई अभियान की शुरुआत हुई। ग्वालियर पूर्व विधानसभा के इंदरगंज ब्लॉक में खटीक मोहल्ला रोशनी घर, थाटीपुर ब्लॉक में शासकीय स्कूल से आदिवासी मोहल्ला भीमनगर, मेला ग्राउंड ब्लॉक में भटेले मेडिकल के पास नदी पार टाल, मुरार ब्लॉक में अखाड़े के सामने खटीक मोहल्ला, गोला का मंदिर ब्लॉक में हरिजन बस्ती जड़ेरुआ कलां में कांग्रेस पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने हाथों में झाड़ू थामकर श्रमदान किया। इस अवसर पर विधायक डाॅ. सिकरवार ने कहा कि पूज्य बापू ने जिस स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे धरातल पर उतारना केवल प्रशासन ही नहीं बल्कि हम सभी नागरिकों का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सफाई मित्र हमारे समाज के सच्चे सिपाही हैं, जो प्रतिदिन विषम परिस्थितियों में भी हमारे परिवेश को स्वच्छ बनाए रखते हैं।
इसी क्रम में सामाजिक संस्था लायंस क्लब ऑफ ग्वालियर द्वारा शहर के प्रमुख 1000 बेड अस्पताल परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। क्लब के पदाधिकारियों व सदस्यों ने अस्पताल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर मरीजों व उनके परिजनों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस मौके पर महापौर डाॅ. शोभा सिकरवार ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अस्पताल जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर उच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखना मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।