लायंस क्लब ऑफ ग्वालियर ने गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान चलाया
ग्वालियर। लायंस क्लब ऑफ ग्वालियर द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर 1000 बिस्तर अस्पताल परिसर में स्वच्छता अभियान के साथ “लायंस सेवा संकल्प–सेवा सप्ताह 2026–27” का शुभारंभ किया गया। नगर निगम के सहयोग से आयोजित इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, अस्पताल प्रशासन एवं बड़ी संख्या में लायंस सदस्यों ने सहभागिता कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती शोभा सिकरवार, विधायक सतीश सिकरवार, GRMC डीन डॉ. R.K.S. धाकड़ एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुधीर सक्सेना उपस्थित रहे। नगर निगम का पूरा अमला भी अभियान में सक्रिय रूप से जुटा रहा और अस्पताल परिसर में व्यापक साफ-सफाई की गई। विधायक सतीश सिकरवार ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपने घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। लायंस क्लब के सदस्यों द्वारा सांकेतिक रूप से स्वच्छता अभियान में सहभागिता करना समाज को एक सकारात्मक संदेश देने वाला प्रयास है। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं लायंस सदस्यों ने अस्पताल के सफाई कर्मचारियों का सम्मान करते हुए उन्हें प्रमाण-पत्र एवं माल्यार्पण किया। सफाई कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया। लायंस क्लब ऑफ ग्वालियर के 365 दिन चलने वाले स्थायी सेवा प्रकल्प के अंतर्गत अस्पताल में मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए खिचड़ी एवं दलिया वितरण में भी क्लब सदस्यों ने सहभागिता की।
सेवा सप्ताह संयोजक लायन संदीप जैन ने आगामी सात दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न सेवा प्रकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवा सप्ताह के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य, शांति, दिव्यांग सहायता, पर्यावरण संरक्षण एवं कैंसर जागरूकता जैसे विभिन्न विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में लायंस क्लब ऑफ ग्वालियर के अध्यक्ष लायन नरेंद्र अग्रवाल, सेवा सप्ताह संयोजक लायन संदीप जैन, पूर्व प्रांतपाल लायन सुनील गोयल, रीजन चेयरमैन लायन राकेश अग्रवाल, जोन चेयरमैन लायन रामकरण पारेख, पूर्व अध्यक्ष सत्येंद्र गुप्ता, केशव वैश्य, श्रेयांस जैन, जगदीश मित्तल, नीरज गर्ग, अजय मित्तल, लेखराज रावल, राघवेंद्र अवस्थी, कैलाश मित्तल, सुनील कोहली, सचिव पुनीत अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राहुल गोयल सहित बड़ी संख्या में लायंस साथी उपस्थित रहे।