मुरार। विजया राजे शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुरार में मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के तहत 30 दिनों से संचालित दो निशुल्क स्वरोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. श्रीवास्तव ने की।
स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सरस्वती पूजन एवं अतिथियों के स्वागत के बाद करियर प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. शर्मिला जैन ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्राओं को बैंकिंग सेल्स रिप्रेजेन्टेटिव तथा आर्टिफिशियल ज्वेलरी निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया। दोनों प्रशिक्षणों में 100 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा तैयार किए गए कृत्रिम आभूषणों की प्रदर्शनी रही।कार्यक्रम में उद्योगपति सुधीर सिंह भदौरिया ने छात्राओं को सफल उद्यमी बनने के लिए आवश्यक गुणों और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि महिला उद्यमी महिमा मेवानी ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को स्वयं का रोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
प्राचार्य डॉ. एस.के. श्रीवास्तव ने कहा कि प्रत्येक छात्रा को अपनी रुचि के क्षेत्र की पहचान कर उसमें दक्षता हासिल करने के लिए प्रशिक्षण लेना चाहिए। समारोह में दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सफल छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर आंतरिक गुणवत्ता प्रभारी डॉ. रेनू नायर, प्रशिक्षक आशुतोष वाजपेयी एवं रिया शर्मा, डॉ. रुपेश पल्लव, डॉ. ममता चौहान, डॉ. के.डी. सुनेरिया सहित महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा। संचालन डॉ. कंचन सिंह नगेल ने किया।