बच्चों ने रंगों के जरिए दिया स्वच्छता का संदेश, चित्रकला प्रतियोगिता में करीब 300 ने लिया भाग

ग्वालियर। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत महात्मा गांधी की जयंती पर आयोजित स्वच्छ भारत दिवस पर नगर निगम द्वारा अंबेडकर पार्क में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में  करीब 300 बच्चों ने भाग लिया और अपनी पेंटिंग के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छ शहर की परिकल्पना को रंगों में उकेरा। बच्चों ने अपनी कलाकृतियों के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने, कचरे का सही निस्तारण करने और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर मध्य भारत खादी संघ की ओर से स्टॉल भी लगाया गया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने बच्चों और उपस्थित लोगों को स्वच्छता का महत्व बताते हुए कहा कि स्वच्छता हम सभी के जीवन का अभिन्न अंग है। स्वच्छ वातावरण में रहने से मनुष्य का तन, मन और बुद्धि स्वस्थ रहते हैं। इसलिए स्वच्छता को अपने जीवन में विशेष स्थान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर से करनी चाहिए और इसे अपनी दैनिक आदतों में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कचरे को सड़कों, खाली प्लॉटों और सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने से गंदगी फैलती है। प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं कचरा इधर-उधर न फेंके और दूसरों को भी ऐसा करने से रोके। 
प्रतियोगिता को बच्चों की आयु और कक्षा के अनुसार दो वर्गों में विभाजित किया गया था। कक्षा पांचवीं, छठवीं और सातवीं के विद्यार्थियों को जूनियर वर्ग में रखा गया, जबकि कक्षा आठवीं, नौवीं और दसवीं के विद्यार्थियों ने सीनियर वर्ग में भाग लिया। दोनों वर्गों में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कला का प्रदर्शन करते हुए स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों की कल्पनाशीलता के साथ स्वच्छता के प्रति उनकी समझ भी देखने को मिली। चित्रकला प्रतियोगिता में स्मार्ट सिटी सीईओ एवं अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव तथा उपायुक्त मुकेश बंसल, संभाग समन्वयक सुशील भरुआ, जन अभियान परिषद के धर्मेंद्र, हरिओम चतुर्वेदी तथा भाजपा जिला के स्वच्छता अभियान प्रभारी उदय यादव,  रोटरी क्लब ऑफ ग्वालियर की अध्यक्ष श्रीमती प्रियंवदा भसीन और सचिव  उदित मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन सहायक खेल अधिकारी सुश्री विजेता सिंह चौहान ने किया।

posted by Admin
11

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->