जीवाजी क्लब को चूना लगा रही श्रीजी इवेंट, क्लब सदस्य भूरा पंडित का कड़ा पत्र
ग्वालियर। जीवाजी क्लब के चुनाव अब नजदीक है और अब इसी दौरान जीवाजी क्लब के अध्यक्ष राजेन्द्र सेठ और सचिव संजय वर्मा पर उंगलियां भी उठने लगी हैं। जीवाजी क्लब के एक वरिष्ठ सदस्य बसंत शर्मा भूरा पंडित ने जीवाजी क्लब के ग्राउंड नंबर 3 में आयोजित श्रीजी गरबा महोत्सव के संबंध में जानकारी मांग कर सबको हैरान कर दिया है। उन्हें संदेह है कि इस गरबा महोत्सव में आर्थिक हेरफेर जीवाजी क्लब में किया जा रहा है या हो सकता है।
बसंत शर्मा भूरा पंडित ने जीवाजी क्लब प्रबंधन को बाकायदा लिखित में पत्र देकर पूछा है कि ग्राउंड नंबर 3 में श्रीजी इवेंटस द्वारा गबरा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस संदर्भ में क्लब के सदस्य के रूप में कुछ आवश्यक जानकारी मैं प्राप्त करना चाहता हूं। इस संदर्भ में आयोजकों द्वारा स्पांसरशिप एवं प्रतिभागियों से शुल्क लिया जा रहा है। पिछले वर्ष भी इसी प्रकार आयोजन किया गया था। अतः निम्न जानकारी उपलब्ध कराने का कष्ट करें। बसंत शर्मा भूरा पंडित ने लिखित में पूछा है कि इस श्रीजी के गरबा आयोजन से क्लब को कितनी राशि की आय प्राप्त हुई है और कितनी आय होना प्रस्तावित हैं। क्लब द्वारा आयोजनकर्ताओं को ग्राउंड उपलब्ध कराने के लिये किस आधार पर किन शर्तों पर अनुमति प्रदान की गई। क्लब द्वारा आयोजनकर्ताओं को ग्राउंड उपलब्ध कराने में बिजली, पानी एवं अन्य सुविधायें उपलब्ध कराई जा रही है उसका खर्च भुगतान किसके द्वारा किया जायेगा।
बसंत शर्मा ने पूछा है कि इस आयोजन से क्लब को होने वाली कुल आय एवं क्लब पर आने वाले संभावित व्यय का विवरण क्या हैं? पिछले वर्ष आयोजित गरबा कार्यक्रम के संदर्भ में क्लब को प्राप्त राशि एवं हुये व्यय का विवरण भी उपलब्ध कराया जाये। बसंत शर्मा भूरा पंडित ने यह भी लिखा है कि मेरा उददेश्य इस संदर्भ में क्लब की पारदर्शिता, वित्तीय हित एवं सदस्यों के हितों के संबंध में स्पष्ट जानकारी प्राप्त करना है।
भूरा पंडित के पत्र से खलबली, क्लब को रोज डेढ़ लाख की हानि
भूरा पंडित के पत्र से जीवाजी क्लब के प्रबंधन में खलबली मची हुई है। क्योंकि श्रीजी इवेंटस जिस ग्राउंड नंबर तीन में गरबा महोत्सव का आयोजन कर रहा है वह डेढ़ लाख रूपये रोज का ग्राउंड है। इसमे मजे की बात यह है कि श्रीजी इवेंटस एवं जीवाजी क्लब के सहसचिव केतन अग्रवाल व नितिन अग्रवाल की है। जिस कारण यह क्लब को बिजली, पानी व अन्य सुविधाओं के चार्ज के एवज में मुंह में गुड़ रखकर बैठ गये है और क्लब सदस्यों में आक्रोश है।
दो से तीन हजार की वसूली
श्रीजी इवेंट कंपनी वाले गरबा प्रशिक्षण में आने वाले युवक युवतियों से दो से तीन हजार रूपये वसूल रहे है। प्रशिक्षण में लगभग 250 से 300 लोग रोज आ रहे है, इससे आप इनकी वसूली राशि का अंदाजा लगा सकते है और जीवाजी क्लब को कुछ नहीं दे रहे हैं।