सेवानिवृत्त हुए पुलिस अधिकारी व कर्मियों को दी विदाई
ग्वालियर। बुधवार को पुलिस कन्ट्रोल रूम सभागार में पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त हुये 5 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों के लिये विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विदाई समारोह में अति0 पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जयराज कुबेर ने कहा कि आज आप पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हो रहे हैं, लेकिन आपकी सेवाएँ, अनुभव और अनुशासन हमेशा समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। इस लंबी सेवा यात्रा में आपके परिवार का त्याग, सहयोग और समर्पण भी उतना ही महत्वपूर्ण रहा है, जिसने हर परिस्थिति में आपका साथ दिया। उन्होंने सेवानिवृत्त हुए पुलिसकर्मियों से उनके भविष्य के कार्यकलापों के बारे में जाना तथा उनको सेवानिवृत्त उपरांत स्वयं को सामाजिक कार्यो में व्यस्त करने की सलाह दी जिससे अभी तक रही व्यस्तता की दिनचर्या से बाहर निकलने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के समापन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस कर्मियों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर उनके बेहतर स्वास्थ्य व उज्जवल भविष्य की कामना की। सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों में उनि0(अ) हेमलता सिकरवार, सउनि0 शिव कुमार जोशी, सउनि0 महेन्द्र सिंह सेंगर, सउनि0 किशन लाल श्रीवास, प्रआर हरीशंकर शर्मा शामिल हैं। इस मौके पर सूबेदार प्रेम सिंह राठौर, सहित कार्यालयीन स्टाफ एवं सेवानिवृत हुए पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी व उनके परिजन उपस्थित रहे।