राजनीति भी जनसेवा का माध्यम हैः केंद्रीय मंत्री सिंधिया
- सिंधिया परिवार का सेवाकार्य प्रशंसनीय उदाहरणः आशीष प्रताप सिंह
- माधौ महाराज स्मृति फाउंडेशन ने किया आरोग्य मेले का आयोजन ग्वालियर। जनसेवा को अपना लक्ष्य बनाने के बाद उसकी पूर्ति के अनेक रास्ते होते हैं। संत-महात्मा अपने ज्ञान से मोक्ष का रास्ता दिखाते हैं, यह भी जनसेवा है और राजनीति भी जनसेवा का एक माध्यम है। समाज को आशीष प्रताप सिंह राठौड़ के रूप में एक रत्न मिला है। जब हम अपने इतिहास को पहचानेंगे और उस पर गर्व करेंगे, तभी भविष्य का नवनिर्माण कर पाएंगे। यह बात केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को महावीर भवन, कंपू में माधौ महाराज स्मृति फाउंडेशन द्वारा आयोजित आरोग्य मेले में कही। आरोग्य मेले का शुभारंभ करते हुये केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि माधौ महाराज आधुनिकता के अग्रदूत थे। उन्होंने ग्वालियर में आधुनिक व्यवस्थाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उनकी लिखित पुस्तक ‘दरबार पॉलिसी’ के कुछ अंश आज भी राज्य सरकार का राजस्व विभाग अपना रहा है। देश में शिक्षा और शोध की संस्थाओं के विकास में माधौ महाराज का अतुलनीय योगदान रहा। उन्होंने कहा कि 121 साल पहले माधौ महाराज ने तिघरा की नींव रखी थी, जिसका लाभ आज भी ग्वालियर के लोग उठा रहे हैं। इससे पहले कार्यक्रम संयोजक एवं संस्था अध्यक्ष आशीष प्रताप सिंह राठौड़ ने कहा कि सिंधिया परिवार का सेवाकार्य आधुनिक युग में भारतीय करुणा और परंपरा का अत्यंत प्रशंसनीय उदाहरण है। इसके मूल में सेवा और समर्पण की भावना है। उन्होंने कहा ज्योतिरादित्य सिंधिया में शक्ति, सामथ्र्य और कोमलता का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। माधौ महाराज आधुनिकता के अग्रदूत होने के साथ अपनी विरासत के संरक्षक भी थे। उन्होंने शिक्षण संस्थानों की स्थापना के माध्यम से प्रगतिशील और न्यायपूर्ण समाज की नींव रखी। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि सिंधिया परिवार ने हमेशा विकास और प्रगति की बात की है। कार्यक्रम में विधायक मोहन सिंह राठौड़, पूर्व मंत्री माया सिंह, साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा, जीडीए अध्यक्ष मधुसूदन सिंह भदौरिया, तुलसी मानस प्रतिष्ठान के अध्यक्ष अभय पापरीकर, डॉ. बीआर श्रीवास्तव, गोविंद देवड़ा, डॉ. एसएल देसाई एवं संस्था के सचिव डॉ. देवेंद्र सिंह कुशवाह उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि एवं कैलाशवासी माधौ राव सिंधिया प्रथम के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। तत्पश्चात केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा धर्मगुरूओं का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संस्था अध्यक्ष आशीष प्रताप सिंह राठौड़ के साथ माधौ महाराज के कार्यों पर आधारित बुकलेट का विमोचन भी किया। कार्यक्रम का संचालन बाल खांडे ने किया। आभार संस्था के सचिव डॉ. देवेंद्र सिंह कुशवाह ने व्यक्त किया।