ऐसा सामुदायिक भवन बनाएं जो जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा का सहारा बने: सिंधिया

- केन्द्रीय मंत्री ने कुशवाह समाज के छात्रावास सह सामुदायिक भवन का किया भूमिपूजन 
ग्वालियर कुशवाह समाज आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित छात्रावास सहित ऐसा सामुदायिक भवन का निर्माण करें, जिसमें रहकर समाज के जरूरतमंद छात्र-छात्रायें स्वस्थ वातावरण में अपनी पढ़ाई कर सकें। साथ ही ग्वालियर का यह परिसर अन्य क्षेत्रों के लिये उदाहरण बने। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सोमवार को कुशवाह समाज के छात्रावास सह सामुदायिक भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह के आग्रह पर इस भवन के निर्माण के लिये मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के तहत लगभग 1.06 करोड़ रुपए की धनराशि मंजूर की है। कुशवाह समाज के इस छात्रावास सह सामुदायिक भवन का निर्माण बेला की बावड़ी के समीप मुख्य मार्ग पर नीम चंदोहा में होने जा रहा है। 
कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने भी इस सामुदायिक भवन के निर्माण में अपनी निधि से 10 लाख रुपए की धनराशि देने की घोषणा की। इसी तरह विधायक भितरवार मोहन सिंह राठौर द्वारा 5 लाख और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि अनूप कुशवाह द्वारा 01 लाख 51 हजार रुपए सामुदायिक भवन के लिये उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह भी मंचासीन थे।केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि देश के निर्माण में कुशवाह समाज का भी अहम योगदान रहा है। कुशवाह समाज में जन्मे महात्मा ज्योतिबा फुले ने वर्ष 1848 में पुणे में बालिकाओं के लिये विद्यालय खोलकर शिक्षा की अलख जगाई थी। उन्होंने भरोसा जताया कि ग्वालियर में स्थापित होने जा रहा कुशवाह समाज का यह छात्रावास सह सामुदायिक भवन सम्पूर्ण अंचल में शिक्षा का प्रकाश फैलायेगा। सामाजिक न्याय मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक नारायण सिंह कुशवाह ने सामुदायिक भवन के निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत करने के लिये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर इस सामुदायिक भवन का निर्माण होने जा रहा है उसके लिये जमीन भी पूर्व में प्रदेश सरकार द्वारा ही उपलब्ध कराई गई थी। आरंभ में केन्द्रीय मंत्री सिंधिया एवं प्रदेश सरकार के मंत्री द्वय नारायण सिंह कुशवाह व तुलसीराम सिलावट ने वैदिक मंत्राचारों के बीच विधि-विधान से सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में कुशवाह समाज विवाह समारोह समिति के जिला अध्यक्ष रोशन सिंह कुशवाह एवं साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। 


posted by Admin
14

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->