बच्चों ने एमएलबी कॉलेज, अचलेश्वर, थीम रोड को किया साफ
ग्वालियर । स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सोमवार को एनसीसी कैडेट्स, स्काउट, एमएलबी कॉलेज के छात्रों सहित आमजनों की सहभागिता से नगर निगम ने स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत उन्होंने अचलेश्वर महादेव मंदिर, एमएलबी कॉलेज परिसर, एमएलबी ग्राउण्ड, और थीम रोड पर पडा कचरा साफ किया, साथ ही रैली निकालकर आमजनों को स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश बंसल, सहायक खेल अधिकारी सुश्री विजेता चौहान, एनसीसी कैडेट, स्काउट, कॉलेज के छात्र सहित आईईसी की टीम उपस्थित रही।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी के निर्देश पर अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देषन में शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण संरक्षण को बढावा देने के लिए नगर निगम द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान की शुरुआत की गई है। एक माह तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत सोमवार को शहर के स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स और एमएलबी कॉलेज के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। युवाओं के इस उत्साह को देखकर आम नागरिकों ने भी सफाई अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई और श्रमदान किया। सोमवार सुबह से ही शहर के विभिन्न प्रमुख और व्यस्त इलाकों में युवाओं की टोलियां गार्बेज बैग हाथ में लेकर निकली और सडक, झाड़ियों, फुटपाथ, मंदिर परिसर के आसपास पडे कचरे को साफ किया। अचलेश्वर महादेव मंदिर के आसपास जमा कचरे, प्लास्टिक की बोतलों और पॉलिथीन को कैडेट्स एवं विद्यार्थियों ने एकत्रित किया। इसके साथ ही एमएलबी कॉलेज के विशाल परिसर और खेल मैदान की गहन सफाई की गई। कॉलेज परिसर में बिखरे सूखे पत्तों, थर्माकोल और प्लास्टिक अपशिष्ट को हटाकर पूरे प्रांगण को स्वच्छ बनाया गया। वहीं स्मार्ट सिटी द्वारा संवारी गई थीम रोड से सड़क किनारे पड़े कचरे को हटाकर उसे चमकाया गया।