जनसामान्य को जोड़कर अभियानों को भव्य आयोजित किया जायेः प्रभारी मंत्री सिलावट
ग्वालियर। सेवा-संकल्प अभियान एवं मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के आयोजन जन सामान्य को जोड़कर व्यवस्थित और भव्य किए जाएं। अभियानों के तहत दिए गए दिशा-निर्देशों के क्रम में सभी कार्य समय पर हों, यह भी सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश प्रदेश के जल संसाधन एवं जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने सोमवार को मुरार सर्किट हाउस में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक लेकर दिए।
बैठक में प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा कि अभियान के तहत शासकीय स्कूल व कॉलेजों में चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन जिले भर में हो और अधिक से अधिक विद्यार्थी इसमें सहभागिता करें। साथ ही नुक्कड़ नाटक, शासन की कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों पर केन्द्रित हर जिले में किए जा रहे हैं, ग्वालियर में भी व्यवस्थित रूप से आयोजित हों। “सेवा कलश यात्रा” जिले के सभी ब्लॉक से निकलकर जिला मुख्यालय पर आए और जिला मुख्यालय पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाए। इसके साथ ही सुशासन सेवा संवाद कार्यक्रम के तहत जिले की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत जिले भर में वृहद वृक्षारोपण का अभियान चलाया जाए। प्रभारी मंत्री सिलावट ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों की पेंच रिपेयरिंग का कार्य और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को तेजी के साथ ठीक किया जाए।
बैठक में संभागीय आयुक्त मनोज खत्री, पुलिस महानिरीक्षक असित यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, सीईओ जिला पंचायत सोजान सिंह रावत, अपर आयुक्त नगर निगम प्रतीक राव, डीन मेडीकल कॉलेज डॉ. आर के एस धाकड़, अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सागर, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्रीमती उपासना राय, जिला शिक्षा अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।