पिछले 12 साल में देश की दिशा व दशा में बड़ा बदलाव आया है: केन्द्रीय मंत्री सिंधिया

ग्वालियर ।  पिछले 12 साल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की दिशा व दशा में बड़ा बदलाव आया है। देश की आर्थिक तरक्की व सुनियोजित विकास में तेजी आने के साथ-साथ विश्व पटल पर भारत का परचम लहराया है। साथ ही भारत फिर से विश्व भर में आध्यात्मिक शक्ति के रूप में भी उभर रहा है। भारत में विकास के साथ विरासत को सहेजने का काम भी बखूबी ढंग से हो रहा है। इस आशय के विचार केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने व्यक्त किए। श्री सिंधिया “सेवा-संकल्प अभियान” के तहत आयोजित हो रहीं गतिविधियों के क्रम में रविवार को ग्वालियर में राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में आयोजित हुए विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह भी मंचासीन थे। 
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में अधोसंरचनागत विकास व मानव संसाधन क्षमता में तेजी से बढ़ोत्तरी के साथ रोजगार के अवसरों का भण्डार बढ़ा है। प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक अवसरों को भारत में लाने का काम किया है। भारत अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बन गया है। भारत से होने वाले निर्यात में भी बड़ा इजाफा हुआ है।  सिंधिया ने कहा कि अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ रक्षा के क्षेत्र में भी तेजी के साथ निर्यात बढ़ा है। उन्होंने बताया कि पहले रक्षा के क्षेत्र में मात्र 40 हजार करोड़ रुपए का निर्यात होता था, जो अब बढ़कर डेढ़ लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया है। रफेल जैसे फाइटर जैट विमानों के कल-पुर्जे अब भारत की धरती पर बन रहे हैं। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित हुए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा लागू की गईं किसान हितैषी योजनाओं की बदौलत भारत अनाज उत्पादन में विश्व के तीन अग्रणी देशों में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों के हित में किसान सम्मान निधि जैसी कल्याणकारी योजना शुरू की है। इस योजना को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार भी भारत सरकार की तरह किसानों के खाते में धनराशि पहुँचा रही है। रिन्यूवल एनर्जी (अक्षय ऊर्जा) के क्षेत्र में भी भारत में क्रांतिकारी बदलाव आया है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व भर में आध्यात्मिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। प्रधानमंत्री की पहल पर पूरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। 
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने ग्वालियर में केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा स्वीकृत किए गए बड़े-बड़े विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्वालियर में शीघ्र ही लगभग 5500 करोड़ रुपए की लागत से टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन स्थापित होने जा रहा है। जिससे 18 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित हुए इस कार्यक्रम में मंत्रिगण तुलसीराम सिलावट व नारायण सिंह कुशवाह, जीडीए के अध्यक्ष मधुसूदन सिंह भदौरिया, साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा, विधायक मोहन सिंह राठौर, निगम सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, पूर्व मंत्रिगण श्रीमती माया सिंह, श्रीमती इमरती देवी व ध्यानेन्द्र सिंह मामा, साडा उपाध्यक्ष हरीश मेवाफरोश, पूर्व विधायक मुन्नालाल गोयल, पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता तथा वेदप्रकाश शर्मा, अभय चौधरी, कमल माखीजानी, धर्मेंद्र तोमर, जवाहर प्रजापति, राजू पलैया, श्रीमती सुमन शर्मा, श्रीमती रेशू राजावत व बिरजू शिवहरे सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गायन एवं राष्ट्रगान जन-गण-मन के गायन के साथ हुआ। कार्यकम्रम का संचालन सतेन्द्र शर्मा द्वारा किया गया। 

posted by Admin
5

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->