- 201 वरिष्ठ महिला-पुरूषों का शॉल-श्रीफल से किया सम्मान
ग्वालियर। संत कबीर पार्क प्रबंध कमेटी द्वारा संत कबीर पार्क, कबीर कॉलोनी में विधायक डॉ. सतीश सिकरवार का भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डाॅ. सिकरवार ने 201 वरिष्ठ महिला-पुरूषों का शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में नागरिकों ने विधायक डॉ. सिकरवार का फूल-मालाओं और पुष्पहार पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये विधायक डॉ. सिकरवार ने कहा संत कबीर पार्क में वरिष्ठजनों के बीच आकर, मैं अभिभूत हूँ। यह सम्मान मेरा नहीं, आपके स्नेह और आशीर्वाद का सम्मान है। संत कबीर दास जी ने कहा है कि ‘बड़ा हुआ तो क्या हुआ, जैसे पेड़ खजूर। पंथी को छाया नहीं, फल लागे अति दूर।’ हमें बड़ा बनकर घमंड नहीं करना, बल्कि कबीर की तरह विनम्र बनकर समाज की सेवा करनी है। आप सभी हमारे बुजुर्ग, हमारे मार्गदर्शक हैं। आपका आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। मेरे लिए विधायक होना पद नहीं, सेवा का माध्यम है। संत कबीर पार्क के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए जो भी जरूरी होगा, वह प्राथमिकता से कराया जाएगा। पार्क में बैठने की बेहतर व्यवस्था, लाइट और साफ-सफाई को लेकर कमेटी ने जो माँगें रखी हैं, उन्हें जल्द पूरा किया जाएगा। यह पार्क सिर्फ पार्क नहीं, हमारी आस्था और संस्कार का केंद्र है। उन्होंने आगे कहा कि ग्वालियर पूर्व में बिना भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं और हर कॉलोनी को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना मेरी प्राथमिकता है। कार्यक्रम में कमेटी अध्यक्ष भंवर सिंह, उपाध्यक्ष रामप्रसाद सैनी, उपाध्यक्ष वासुदेव सैनी, पूर्व पार्षद रामअवतार जाटव, कांग्रेस ब्लाॅक अध्यक्ष श्रीमती रेखा जाटव, श्रीलाल सिंह, लाखन सिंह दादोरिया, दर्शन सिंह किरार, सियाराम डण्डोतिया, राजू सिंह, सुनील चंद्रवंशी, सुनील रमपुरिया, मुकेश चौरसिया, शंकर सिंह आदि मौजूद रहे।