सुपावली में हुआ जन-विश्वास शिविर का आयोजन, 91 शिकायतें निराकृत हुईं
ग्वालियर । अपनी आय दोगुनी करने के लिये किसान भाई पारंपरिक खेती के साथ उद्यानिकी, उन्नत पशुपालन एवं खाद्य प्रसंस्करण भी अपनाएं। सरकार द्वारा संचालित अनुदान आधारित योजनाओं का लाभ उठाकर किसान भाई अपनी आय बढ़ा सकते हैं। यह बात सांसद भारत सिंह कुशवाह ने “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत मुरार विकासखंड के ग्राम सुपावली में शुक्रवार को आयोजित हुए छठवे जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर में मौजूद किसानों को संबोधित करते हुए कही। “सेवा-संकल्प अभियान” की मूल भावना के अनुरूप इस शिविर में उद्यमी संवाद एवं सोशल मीडिया इंफ्लुऐंसर संवाद विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा। शिविर से पहले कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों द्वारा शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत एवं एसडीएम मुरार नरेशचंद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला व खण्ड स्तरीय अधिकारियों ने समस्याओं का निराकरण किया। इस शिविर के माध्यम से सीएम हैल्पलाइन की 91 शिकायतों का निराकरण किया गया है। साथ ही शिविर में सीधे लगभग 100 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया। 38 आवेदन निराकरण के लिये सीएम हैल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज किए गए। शिविर में स्वीकृत हुईं सामाजिक सुरक्षा पेंशन, गर्भवती माताओं को पोषण आहार किट, दिव्यांग पेंशन व लाड़ली लक्ष्मी योजना के स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। शिविर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, आधारकार्ड व आयुष्मान कार्ड बनाने के लिये अलग से काउण्टर लगाए गए थे। दिव्यांगों के प्रमाण-पत्र बनाने के लिये मेडीकल बोर्ड भी यहां पर बैठा था। सांसद कुशवाह ने किसान भाईयों से खासतौर पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना व आचार्य विद्यासागर योजना एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा है कि युवा सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर उद्यमी बनें, जिससे वे दूसरों को भी रोजगार दे सकें और उन्हें नौकरी तलाशने की जरूरत न पड़े। इसी उद्देश्य से “सेवा-संकल्प अभियान” एवं मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान चलाए जा रहे हैं। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने जन-विश्वास शिविर में सामने आईं राजस्व व पेयजल सप्लाई संबंधी समस्याओं का निराकरण अधिकारियों को मौके पर भेजकर कराया। साथ ही राजस्व संबंधी अन्य समस्याओं के निराकरण के लिये समय-सीमा निर्धारित की। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत जन-विश्वास शिविर से पहले सुपावली के आंगनबाड़ी केन्द्र, प्राथमिक विद्यालय एवं हाईस्कूल का निरीक्षण किया। सुपावली के इन दोनों स्कूलों के कायाकल्प का रास्ता भी इस निरीक्षण के माध्यम से खुल गया।