सेकेण्डरी वाहनों की जीओ मैपिंग कराएं: अपर आयुक्त राव
ग्वालियर । शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक ली। बैठक में अपर आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि कचरा कलेक्शन करने वाले सभी सेकेण्डरी वाहनों की दो दिन में जियो मैपिंग कराएं। बैठक में सहायक नोडल अधिकारी शैलेंद्र सक्सेना, सहायक यंत्री अजय शाक्यवार सहित स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सुबह सभी टिपर वाहन चालको को कॉल कर कन्फर्म करें कि वाहन डिपो से निकले हैं अथवा नहीं। इसके साथ ही दिन में भी कॉल कर उनकी लोकेशन का पता किया जाए। जिससे पता चल सके कि वाहन की वर्तमान स्थिति क्या है, इसके लिए कर्मचारियों को ड्यूटी लगाई जाए। साथ ही टिपर एवं सेकेण्डरी वाहनों की टाइमिंग सेट की जाए कि कौन सा वाहन कहां से निकलेगा और कितने बजे तक डिपो में आएगा। अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने निर्देश दिए हैं कि रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के लिए हर विधानसभा में बाजार की जरूरत के हिसाब से वाहनों की संख्या निर्धारित की जाए। वाहनों के लिए ड्राइवरों की व्यवस्था की जाए। जिससे ड्राइवर के कार्य पर नहीं आने पर भी वाहन बाजार में पहुंच सकें।