ग्वालियर कृषि के क्षेत्र में पंजाब व हरियाणा से भी आगे पहुँचेगा: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

ग्वालियर।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा ग्वालियर का नाम लेते ही गौरव की अनुभूति होती है। ग्वालियर की जितनी प्रसिद्धि संगीत सम्राट तानसेन से है, उतनी ही प्रसिद्धि यहाँ की गज़क और किसान व जवानों से भी है। शिक्षा, रक्षा, कृषि, फूड प्रोसेसिंग और दुग्ध उत्पादन में ग्वालियर संभाग पूरे प्रदेश में अग्रणी है। ग्वालियर कृषि के क्षेत्र में भी पंजाब और हरियाणा से आगे पहुँचेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर जिले के डबरा तहसील प्रांगण में “बलराम कृषि महोत्सव” के तहत आयोजित हुए कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वर्तमान वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी के तहत किसानों की सेवा व समृद्धि के लिये “बलराम कृषि महोत्सव” मनाए जा रहे हैं। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण एवं सामाजिक न्याय मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह भी उपस्थित थे। 
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ग्वालियर तेजी के साथ विकास की ओर अग्रसर है। ग्वालियर टेलीकॉम इंडस्ट्रीज का भी बड़ा हब बनने जा रहा है। उन्होंने कहा ग्वालियर क्षेत्र का सेंडस्टोन, पीला सोना यानि सरसों, कनक जैसे गेहूँ और मसूर व चने ने ग्वालियर जिले का परचम पूरे देश में लहराया है। मुख्यमंत्री ने कहा ग्वालियर को मेट्रोपॉलिटन सिटी बनाने में प्रदेश सरकार हर संभव सहयोग करेगी।  मुख्यमंत्री ने ग्वालियर स्थित प्रदेश की सबसे बड़ी आदर्श गौशाला लाल टिपारा की भी सराहना की। उन्होंने कहा इस गौशाला से प्रेरणा लेकर प्रदेश में अन्य गौशालायें स्थापित हो रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में मौजूद किसानों का आह्वान किया कि वे अपनी फार्मर आईडी अवश्य बनवाएं। यह आईडी किसान भाईयों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ उन्हें खेती किसानी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी उपलब्ध करायेगी। साथ ही कहा कि किसान भाई अपने खेत की ताकत पहचानें। केवल पारंपरिक फसलों पर निर्भर न रहकर फसल विविधीकरण व प्राकृतिक खेती अपनाएं और उन्नत पशुपालन करें। दुग्ध उत्पादन आर्थिक उन्नति का त्वरित माध्यम है। 
डबरा मंडी प्रांगण में आयोजित हुए “बलराम कृषि महोत्सव” में अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य अतिथियों ने भगवान बलराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कृषि महोत्सव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मंच से जिले के प्रगतिशील किसानों एवं किसानों के मेधावी बच्चों को सम्मानित किया। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए। इस अवसर पर नवीन कृषि तकनीकों, जैविक खेती, आधुनिक कृषि यंत्रों, ड्रोन तकनीक व उन्नत पशुपालन पर प्रदर्शनी भी लगाई गई। अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मौजूदा साल को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। उनकी यह किसान हितैषी पहल अत्यंत सराहनीय है। “बलराम कृषि महोत्सव” में पूर्व मंत्री श्रीमती इमरती देवी,  सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के संयोजक कपिल यार्दे, भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण प्रेम सिंह राजपूत, जनपद पंचायत डबरा की अध्यक्ष श्रीमती प्रवेश गुर्जर, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह घुरैया, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमरदीप ओलख, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, एसडीएम डबरा श्रीमती जुही गर्ग एवं उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास भानु प्रकाश शर्मा मौजूद थे। 

posted by Admin
8

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->