रैन बसेरा एवं सरकारी अस्पतालों में रात के समय हुआ औचक निरीक्षण
ग्वालियर। जिला प्रशासन द्वारा रैन बसेरों एवं सरकारी अस्पतालों की रात्रिकालीन व्यवस्थाओं का निरीक्षण कराया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर शनिवार की रात जिले के एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य राजस्व अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित रैन बसेरों एवं सरकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पतालों एवं रैन बसेरों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही वहां आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान रैन बसेरा एवं अस्पतालों की व्यवस्थाओं से संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को व्यवस्थायें बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। एसडीएम झांसी रोड अतुल सिंह ने बस स्टेण्ड स्थित रैन बसेरा का निरीक्षण किया। एसडीएम लश्कर नरेन्द्र बाबू यादव ने हजार बिस्तर अस्पताल एवं रैन बसेरा का जायजा लिया। इसी प्रकार एसडीएम मुरार नरेशचंद गुप्ता ने जिला चिकित्सालय मुरार एवं उससे जुड़े रैन बसेरा का निरीक्षण किया। डबरा क्षेत्र में भी राजस्व अधिकारियों द्वारा रैन बसेरों का रात्रिकालीन निरीक्षण किया गया।