मेरा युवा भारत केंद्र की जिला समन्वय समिति की बैठक संपन्न
ग्वालियर। मेरा युवा भारत केंद्र की जिला समन्वय समिति की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिले के युवाओं का माय भारत पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने, विभिन्न विभागों के समन्वय से युवा कल्याण योजनाओं को गति देने तथा पोर्टल के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए साझा रणनीति बनाई गई। यह बैठक गुरुवार को कम्पू स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर में आयोजित हुई।
जिला युवा अधिकारी श्रीमती अंजली कुमारी ने कहा कि माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं को कौशल विकास, रोजगार, खेल गतिविधियों एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ मिलेगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि उच्च शिक्षण संस्थानों, राष्ट्रीय कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना, नेहरू युवा केंद्र तथा विभिन्न खेल केंद्रों के माध्यम से जिले के प्रत्येक युवा तक पोर्टल की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में जिला खेल अधिकारी डॉ. अरविन्द सिंह राणा, संजीव सिंह, गिर्राज शर्मा, उम्मेद वर्मा, डॉ. वीणा जोशी, डॉ. मनोज अवस्थी, अजय बॉस, दिलीप सुमन, अरविन्द कुशवाह एवं दिनेश बाथम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने सहभागिता कर प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में सुझाव दिए। अंत में सभी विभागों ने आपसी समन्वय के साथ मिशन मोड में कार्य कर जिले के युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने का संकल्प लिया।