राजस्व अभिलेखों में पाई गई सभी त्रुटियों का समयसीमा में सुधार करेंः कलेक्टर
ग्वालियर। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राजस्व अभिलेखों में पाई गई सभी त्रुटियों का नियमानुसार, पूर्ण पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा में सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निराकरण, राजस्व वसूली में निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति तथा आबादी भूमि से वंचित ग्रामों का सर्वे कर नियमानुसार नई आबादी भूमि घोषित करने की कार्रवाई भी प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। ये निर्देश बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए गए।
बैठक में बताया गया कि जिले के 276 ग्रामों में चलाए गए विशेष सर्वेक्षण अभियान के दौरान लगभग 4 हजार खसरों में गलत प्रविष्टियां, नाम संबंधी त्रुटियां एवं अन्य राजस्व विसंगतियां चिन्हित की गई हैं। इनका सुधार संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के नेतृत्व में निर्धारित राजस्व प्रक्रिया के अनुसार प्रारंभ कर दिया गया है। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने कहा कि राजस्व अभिलेखों को अद्यतन, त्रुटिरहित और विवादमुक्त बनाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन से जुड़े राजस्व मामलों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन का यह विशेष अभियान राजस्व अभिलेखों की शुद्धता सुनिश्चित करने, भूमि संबंधी विवादों में कमी लाने तथा ग्रामीण नागरिकों को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।