अवैध होर्डिंग्स और विज्ञापनों पर चला निगम का बुलडोजर
ग्वालियर। नगर निगम ने रविवार को शहरभर में अवैध होर्डिंग्स, बिलबोर्ड और विज्ञापनों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया गया। निगम की टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर निजी भवनों पर लगे अवैध विज्ञापन, कोचिंग संस्थानों के बोर्ड तथा नियमों के विरुद्ध लगाए गए होर्डिंग्स हटाये।
यह अभियान थाटीपुर मयूर मार्केट, रॉक्सी पुल, एमएलबी कॉलोनी, सिटी सेंटर, गोविंदपुरी सहित शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में अवैध विज्ञापन सामग्री हटाई गईं। नगर निगम ने संबंधित संस्थानों और भवन स्वामियों को 24 घंटे का अंतिम अल्टीमेटम दिया था कि वे स्वयं अपने अवैध होर्डिंग्स और विज्ञापन हटा लें। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध विज्ञापनों को हटाया।