श्री अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास, लश्कर ग्वालियर ने विधानसभा अध्यक्ष तोमर , सांसद कुशवाह को ज्ञापन सौंपा
ग्वालियर। श्री अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास, लश्कर ग्वालियर के सदस्यों ने मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर , सांसद भारत सिंह कुशवाह को एक ज्ञापन भेंट कर पंजीयक लोक न्यास ग्वालियर के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में श्री अचलेश्वर महादेव सार्वजनिक न्यास, लश्कर ग्वालियर पर नियुक्त समिति अध्यक्ष द्वारा नियुक्ति दिनांक से किए गए कार्यों एवं उक्त कार्यों के संदर्भ में खर्च की गई राशियों का संपूर्ण विवरण एवं उक्त समिति की बैठकों में पारित प्रस्तावों का संपूर्ण विवरण प्रदाय किए जाने की मांग की गई है।

ज्ञापन में शिकायत कर्ता संतोष सिंह राठौर, हरी बाबू शिवहरे , प्रदीप बंसल ,अजमेर सिंह रावत ,आदित्य शर्मा ने मांग की है कि तदर्थ समिति द्वारा कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत आज दिनांक तक मंदिर न्यास को प्राप्त दान राशि एवं आय का संपूर्ण विवरण, कैश बुक, ऑडिट रिपोर्ट तथा बैंक स्टेटमेंट सहित प्रदान किया जावे साथ ही न्यास की संपूर्ण आय का विवरण वर्ष 2008 से अब तक प्रदान किया जावे एवं साधारण सभा का आयोजन कर उक्त रिपोर्ट एवं अभिलेख साधारण सभा के समक्ष प्रस्तुत किए जावें, वर्ष 2008 से न्यास मंदिर में किए गए निर्माण, तोड़फोड़ एवं नवीन निर्माण कार्यों से संबंधित समस्त अनुमतियों, अनुबंधों एवं स्वीकृतियों का पूर्ण विवरण प्रदान किया जावे तथा उक्त दस्तावेज साधारण सभा के समक्ष प्रस्तुत किए जायें, मंदिर श्री अचलेश्वर महादेव के निर्माण हेतु जारी निविदा की समस्त जानकारी, निविदा के अनुसार संबंधित ठेकेदार द्वारा किए गए कार्यों एवं उन्हें किए गए भुगतानों की संपूर्ण जानकारी प्रदान की जावे। ठेकेदार द्वारा मंदिर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ने तथा न्यास द्वारा निविदा अनुसार देय धनराशि से अधिक भुगतान किए जाने संबंधी समस्त विवरण उपलब्ध कराया जावे। साथ ही, ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य अधूरा छोड़ने के पश्चात कितनी धनराशि निर्माण संबंधी किन-किन कार्यों में खर्च की गई, उसकी संपूर्ण जानकारी प्रदान की जाये, न्यास द्वारा निविदानुसार ठेकेदार के विरुद्ध मंदिर निर्माण में गुणवत्ताहीन सामग्री के उपयोग के संबंध में की गई समस्त कार्यवाही का विवरण प्रदान किया जाये , न्यास की तदर्थ समिति के अध्यक्ष द्वारा बिना किसी अनुमोदन एवं आदेश के किस नियम, नीति एवं अधिकारिता के अंतर्गत वर्षों पूर्व निर्मित स्थायी एवं सुदृढ़ जलप्याऊ एवं जूता घर को ध्वस्त कर दुकानों के निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया, जिससे संपूर्ण भक्तगण एवं जनमानस भीषण गर्मी में जल सुविधा से वंचित हुए। उक्त समस्त कार्यवाही के संबंध में लिखित जानकारी प्रदान की जायें, तदर्थ समिति द्वारा बिना अनुमोदन एवं अधिकारिता के न्यास में मनमाने ढंग से की गई नियुक्तियों एवं पदस्थापनाओं का संपूर्ण विवरण प्रदान किया जायें, तदर्थ समिति ने अपने संपूर्ण कार्यकाल में कब-कब समिति की बैठकों का आयोजन किया, उसका संपूर्ण विवरण लिखित रूप में प्रदान किये जाने की मांग की है। ज्ञापन की प्रति मुख्यमंत्री सहित केन्द्रीय मंत्री, प्रभारी मंत्री, धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी, सहित सांसद विधायक आदि से मांग की है।