नगर निगम की मदाखलत टीम ने झंडी-बैनर एवं कटआउट हटाए
ग्वालियर। नगर निगम के नोडल अधिकारी केशव सिंह चौहान एवं मदाखलत अधिकारी सत्येंद्र सिंह भदौरिया के निर्देश तथा जोनल अधिकारी अजय शर्मा के मार्गदर्शन में शहर में स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान मदाखलत निरीक्षक सुघर सिंह सिसोदिया, समयपाल एवं पूर्व विधानसभा दल के सहयोग से शहर के प्रमुख क्षेत्रों दाना ओली, मोची ओली, मोर बाजार, नई सड़क, सराफा बाजार, दौलतगंज सहित अन्य स्थानों पर अवैध रूप से लगाए गए झंडी, बैनर एवं कटआउट हटाने की कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने सार्वजनिक मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में लगे प्रचार सामग्री को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा शहर की स्वच्छ एवं सुंदर छवि बनाए रखने का संदेश दिया। अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति लगाए गए झंडी, बैनर एवं कटआउट के विरुद्ध आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।