गंगा दशहरा पर होंगे सामूहिक श्रमदान, दीपदान, आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम : कलेक्टर श्रीमती चौहान

ग्वालियर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गंगा दशहरा पर्व पर 25 मई को ग्वालियर जिले में जल संरक्षण और संवर्धन को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालय से लेकर सभी जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों तक सामूहिक श्रमदान, जल स्रोतों की साफ-सफाई, दीपदान, आरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की। साथ ही सभी कार्यक्रम जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती चौहान ने कहा कि राज्य शासन का उद्देश्य जल संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाना है। इसी भावना के साथ गंगा दशहरा पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, धर्मगुरुओं, युवाओं और आमजन की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों की गतिविधियों के फोटोग्राफ उसी दिन पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं। उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में सभी हैंडपंपों के प्लेटफॉर्म एवं उनके समीप सोखता गड्ढों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने पर भी जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए जन-जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए। गंगा दशहरा पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम 25 मई को सायं 5:30 बजे लक्ष्मीगंज स्थित मेहराब साहब की तलैया पर आयोजित होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं आम नागरिक सामूहिक श्रमदान करेंगे। इसके बाद सामूहिक दीपदान, गंगा दशहरा आरती एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। ग्वालियर नगर निगम के सभी 66 वार्डों में भी इस अवसर पर सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गंगा दशहरा पर जनपद पंचायत डबरा के अंतर्गत मकोड़ा में विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही नोन एवं सिंध नदी पर चुनरी अर्पण, पूजन और दीपदान के कार्यक्रम होंगे तथा विभिन्न ग्राम पंचायतों में सामूहिक श्रमदान कराया जाएगा। विकासखंड मुरार के भदावना एवं झिलमिल नदी क्षेत्र तथा ग्राम रौरा स्थित अमृत सरोवर पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। भितरवार विकासखंड में ग्राम बागवई के सरोवर एवं पार्वती नदी पर आयोजन किए जाएंगे। घाटीगांव विकासखंड में मेहरपुरा तालाब पर खंड स्तरीय कार्यक्रम रखा गया है। साथ ही विकासखंड के सभी 36 अमृत सरोवरों पर चुनरी चढ़ाई जाएगी। नगर परिषद मोहना, आंतरी, बिलौआ एवं पिछोर में भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।
गंगा दशहरा के अवसर पर जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों के वार्डों में कुएं, बावड़ियां, नहरें, पुरानी जल संरचनाएं और नदी घाटों की साफ-सफाई सामूहिक श्रमदान एवं जनसहयोग से की जाएगी। जिला प्रशासन ने आमजन से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी कर जल संरक्षण के इस महाअभियान को सफल बनाने की अपील की है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, निगम आयुक्त संघ प्रिय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, एडीएम सी बी प्रसाद, अपर आयुक्त नगर निगम प्रतीक राव एवं मुनीष सिकरवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। 

posted by Admin
19

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->