अवैध कनेक्शनों को वैध बनाने दल गठित किए जाएं: अपर आयुक्त तोमर
ग्वालियर। अपर आयुक्त प्रदीप सिंह तोमर ने जलकर वसूली एवं अवैध कनेक्शनों को वैध करने की कार्यवाही की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की। बैठक में कार्यपालन यंत्री प्रवीण दीक्षित, महेंद्र प्रसाद अग्रवाल, शिशिर श्रीवास्तव, हेमंत शर्मा सहित सभी सहायक यंत्री, उप यंत्री एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित तिमाही एवं साप्ताहिक लक्ष्यों के अनुरूप जलकर वसूली की वार्ड वार समीक्षा की गई। जिसमें कम वसूली करने वाले उप यंत्रियों से चर्चा कर उन्हें वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नए नल कनेक्शनों तथा अवैध से वैध किए गए कनेक्शनों की प्रगति पर चर्चा हुई। अपर आयुक्त ने निर्देश दिए कि अवैध कनेक्शनों को वैध बनाने और शत-प्रतिशत जलकर वसूली सुनिश्चित करने के लिए जोनवार विशेष जलकर वसूली दल गठित किए जाएं। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के कार्यपालन यंत्रियों से प्रत्येक जोन के पांच कर्मचारियों एवं प्लंबरों की सूची मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक में वार्डवार संपत्तियों एवं नल कनेक्शनों के बीच गैप एनालिसिस, संपत्ति के प्रकार के आधार पर कनेक्शन दरों में परिवर्तन तथा GIS आधारित सर्वेक्षण कार्य में ई-नगरपालिका आईडी दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए। बड़े बकायादारों से जलकर वसूली के लिए विशेष कार्य योजना तैयार करने तथा उन क्षेत्रों की सूची बनाने के निर्देश दिए गए जहां पानी की आपूर्ति तो हो रही है लेकिन लोगों ने अब तक कनेक्शन नहीं लिए हैं। ऐसे मामलों में दस्तावेजों के अभाव में लंबित कनेक्शनों की जानकारी भी मांगी गई, ताकि कार्य योजना बनाकर अधिक से अधिक कनेक्शन दिए जा सकें और राजस्व वसूली बढ़ाई जा सके।