सफाई व्यवस्था में कोताही नहीं होगी बर्दाश्त : अपर आयुक्त राव
ग्वालियर। स्वच्छ सर्वेक्षण को देखते हुए अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अपर आयुक्त ने गोंविदपुरी, डीबी सिटी, मिलेनियम प्लाजा, विंडसर हिल से होते हुए कटोराताल तक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने सबसे पहले गोविंदपुरी स्थित मिलेनियम प्लाजा का निरीक्षण किया और वहां पर प्रोपर सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि वह अपने यहां पर डस्टबिन रखें, कचरा खुले में ना फैलाएं। इसके बाद उन्होंने डीबी सिटी के पास सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया, वहां पर उन्होंने पेंटिंग आदि कार्य तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सडक़ों पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सभी सीटीपीटी में आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण हो यह संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें। इसके साथ ही रोड पर कहीं भी कचरा ठीया ना दिखे अन्यथा संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने डी बी सिटी से हुरावली चौराहा तक सार्वजनिक शौचालयो और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही सचिन तेंदुलकर मार्ग पर बिना अनुमति प्रचार कर रहे इलेक्ट्रिक ऑटो को अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने पकड़ा और कंपनी पर बड़ा जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने कटोरताल और पास में बने सार्वजनिक शौचालय का का निरीक्षण किया। उन्होंने वहाँ सफाई को और बेहतर करने के निर्देश दिए।