कलेक्ट्रेट में लगी आग, ई गर्वनेस व कुछ अन्य कक्ष प्रभावित
कलेक्टर पहुंची, आग पर काबू, ज्यादा नुकसान नहीं
ग्वालियर कलेक्ट्रेट परिसर में आज एसबीआई के सामने लगे ट्रासफार्मर में आग लगने की घटना से पूरे परिसर में हडकंप मच गया। आग विकराल रूप धारण करती उससे पहले कलेक्ट्रेट व फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास किये। कलेक्टर श्रीमती रूचिका चौहान मौके पर पहुंची और कर्मचारियों की हौसला अफजाई की। आग से कलेक्ट्रेट के उपरी एक दो कक्ष व ई गर्वनेस सेंटर में कुछ नुकसान की खबर है। आग बुझाने में फायर ब्रिगेड की पांच गाडियां लगी।
कलेक्टर परिसर में लगी आग पर ग्वालियर में जिला प्रशासन की पहल पर हाल ही में आयोजित फायर सेफ्टी मेले का सकारात्मक परिणाम मंगलवार को देखने को मिला। कलेक्ट्रेट परिसर में लगी आग पर कर्मचारियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए फायर उपकरणों की मदद से काफी हद तक काबू पा लिया।
मंगलवार शाम लगभग 7ः30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एसबीआई बैंक के सामने ट्रांसफार्मर के पास आग लगने की घटना सामने आई। आग ने तेजी से आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया और बैंक सहित नजदीकी दफ्तरों तक पहुँच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुँचे। कलेक्ट्रेट के कर्मचारी भी फायर उपकरण लेकर आग बुझाने में जुट गए। कर्मचारियों ने एकजुट होकर फायर सेफ्टी मेले में मिले प्रशिक्षण का उपयोग किया और फायर ब्रिगेड एवं एसडीआरएफ के पहुँचने से पहले ही लगभग 90 प्रतिशत आग पर काबू पा लिया।
लगभग आधे घंटे के भीतर आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ी क्षति टल गई। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी शासकीय सेवकों का उत्साहवर्धन किया और उनकी तत्परता एवं साहस की सराहना की।