प्रधान मुख्या यांत्रिक इंजिनियर अनिल कुमार द्विवेदी एवं मुख्या कारखाना इंजिनियर राजेश कुमार जाटव के मार्गदर्शन से रेल स्प्रिंग कारखाना सिथौली में माननीय प्रधानमंत्री जी के स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत व्यापक स्तर पर रिकॉर्ड श्रमदान एवं हाउसकीपिंग कार्य कराए गए। कारखाने के विभिन्न क्षेत्रों में वेस्ट कलेक्शन, हाउसकीपिंग, मशीनों की साफ-सफाई तथा पेंटिंग कार्य संपन्न किए गए, जिससे कार्यस्थल की स्वच्छता, सुरक्षा एवं सौंदर्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
इस अभियान के अंतर्गत रेल स्प्रिंग कारखाना के कर्मचारियों द्वारा प्रतिदिन लगभग 5 घंटे श्रमदान किया गया तथा कुल लगभग 12,000 मैन-आवर्स का रिकॉर्ड श्रमदान एवं हाउसकीपिंग कार्य संपन्न किया गया। सफाई अभियान के दौरान एकत्रित गीले एवं सूखे कचरे का अलग-अलग निस्तारण सुनिश्चित किया गया। गीले कचरे का उपयोग जैविक खाद (कम्पोस्ट) तैयार करने हेतु किया गया, जिसके लिए कारखाना परिसर में 03 कम्पोस्ट पिट तैयार किए गए हैं जिससे पर्यावरण संरक्षण एवं प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा मिला। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के समन्वय से रेल स्प्रिंग कारखाना सिथौली द्वारा ग्वालियर किला में संयुक्त स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर दिनांक 18.04.2026 को आयोजित किया गया तथा पुनः दिनांक 25.04.2026 को भी स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान लगभग 10 ट्रक एकल-उपयोग प्लास्टिक कचरा हटाया गया, जिससे ऐतिहासिक धरोहर क्षेत्र की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को महत्वपूर्ण बढ़ावा मिला।
रेल स्प्रिंग कारखाना सिथौली के कर्मचारियों की सहभागिता एवं सहयोग से परिसर स्थित हर्बल गार्डन एवं मियावाकी क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत लगभग 500 वर्गमीटर क्षेत्र में ड्रिप सिंचाई प्रणाली के माध्यम से लगभग 1500 पौधे लगाए जाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है, जिनमें से अब तक लगभग 600 पौधे लगाए जा चुके हैं। यह पहल हरित वातावरण, पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रेल स्प्रिंग कारखाना सिथौली में डिजिटलीकरण के क्षेत्र में लगभग 6,00,000 पृष्ठों का डिजिटलीकरण किया गया, जिससे अभिलेखों के सुव्यवस्थित संरक्षण के साथ-साथ कागज पर निर्भरता में कमी आएगी।
दिनांक 04.04.2026 को रेल स्प्रिंग कारखाना सिथौली के कर्मचारियों द्वारा iGOT Karmayogi पोर्टल पर निर्धारित चार घंटे का अनिवार्य शिक्षण मॉड्यूल “साधना शपथ” सफलतापूर्वक पूर्ण किया गया। प्रशिक्षण के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के रेलवे में महत्व, उपयोगिता एवं कार्य प्रणाली के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। इस पहल से कर्मचारियों में डिजिटल लर्निंग, कार्यकुशलता एवं आत्मविकास के प्रति जागरूकता बढ़ी है। उक्त सभी कार्यक्रम मुख्य कारखाना प्रबंधक शिवाजी कदम के नेतृत्व व उप. मुख्य यांत्रिक अभियंता भानु प्रताप सिंह, सहायक रसायन एवं धातु कर्मज्ञ आर. के. हनौते, एवं सहायक कार्य प्रबंधक धनंजय रहालकर के मार्गदर्शन एवं आरएसके के समस्त कर्मचारियों के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न किए गए।