ग्वालियर । जिले में भी जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा निर्धारित जनगणना कार्यक्रम के तहत जनगणना का प्रथम चरण जारी है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने मंगलवार को शहर में चल रहे जनगणना कार्य का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने न्यू दर्पण कॉलोनी क्षेत्र में प्रगणकों द्वारा की जा रही जनगणना की वस्तुस्थिति जानी। साथ ही प्रगणक श्रीमती नीलम राजपूत के साथ मकान नं. एमआईजी-1362 न्यू दर्पण कॉलोनी पहुँचकर दिनेश कुमार शर्मा के घर की ऑनलाइन गणना कराई। इस अवसर पर एसडीएम अतुल सिंह भी उनके साथ थे।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने न्यू दर्पण कॉलोनी क्षेत्र की प्रगणक श्रीमती नीलम राजपूत व बृजेश द्वारा जनगणना के लिये बनाए गए नजरी-नक्शा देखे। साथ ही इस नक्शे के आधार पर अब तक की गई मकानों की गणना की जानकारी ली। प्रगणक नीलम राजपूत द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप जनगणना के कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने अपने क्षेत्र के 118 मकानों में से 19 की गणना पूर्ण कर ली है। इसी तरह प्रकणक बृजेश द्वारा भी अपने क्षेत्र के 16 मकानों की गणना की जा चुकी है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने निरीक्षण के दौरान प्रगणकों से कहा कि एचएलबीसी पोर्टल पर किसी भी प्रकार की ओवरलेपिंग नहीं होना चाहिए। लोगों से पूछकर और उनकी सहमति से सभी प्रविष्टियां पूर्ण एवं सटीक भरी जाएं। एचएलबीसी पोर्टल पर दर्शायी गई सीमाओं में विसंगति होने पर वास्तविक भौगोलिक सीमाओं के आधार पर एचएलबी (हाउसलिस्टिंग ब्लॉक) का निर्धारण किया जाए। उन्होंने कहा कि पूरी गंभीरता व मुस्तैदी के साथ इस संवैधानिक दायित्व का निर्वहन करें। साथ ही गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर गमछा, पानी व ओआरएस इत्यादि साथ में लेकर चलें।