झांसी मंडल ने वर्ष 2025 में कार्मिक कल्याण के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा के निर्देशन में कार्मिक विभाग द्वारा रिकॉर्ड संख्या में पदोन्नतियाँ प्रदान की गईं, जिससे कर्मचारियों के हित में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत हुआ है।
वर्ष 2025 में मंडल प्रशासन द्वारा अग्रिम योजना के अंतर्गत कर्मचारियों को उनके वरिष्ठों के सेवानिवृत्त होने की तिथि पर ही पदोन्नति का लाभ प्रदान करने की व्यवस्था की गई, ताकि उन्हें समय पर पदोन्नति एवं उससे जुड़े वित्तीय लाभ प्राप्त हो सकें। सभी पदोन्नतियों के लिए आवश्यक उपयुक्तता परीक्षण, चयन प्रक्रिया एवं ट्रेड टेस्ट निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न किए गए। मंडल के सभी शाखा अधिकारियों के सहयोग एवं समर्थन से यह कार्य समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक पूरा किया गया। मंडल प्रशासन की सतर्क योजना, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और कर्मचारियों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप यह उल्लेखनीय उपलब्धि संभव हो सकी।
कर्मचारियों के हितों के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए वर्ष 2025 में विभिन्न विभागों में कुल 1806 कर्मचारियों को चयन/उपयुक्तता एवं ट्रेड टेस्ट के माध्यम से पदोन्नतियाँ प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त, एमएसीपीएस योजना के अंतर्गत 559 कर्मचारियों को 10, 20 एवं 30 वर्षों की सेवा पूर्ण होने पर वित्तीय उन्नयन का लाभ दिया गया। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि दिनांक 31.12.2025 को की गई पदोन्नतियों के परिणामस्वरूप कर्मचारियों को 01 जनवरी एवं 01 जुलाई 2026 से देय वार्षिक वेतन वृद्धि का पूर्ण लाभ प्राप्त होगा, जिससे उनकी वेतन संरचना तथा भविष्य में मिलने वाले पेंशन संबंधी लाभों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
कार्मिक विभाग की यह पहल न केवल कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने वाली है, बल्कि उत्तर मध्य रेलवे में मानव संसाधन प्रबंधन का एक उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत करती है। इस निर्णय से कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों में हर्ष, संतोष एवं सकारात्मक वातावरण का सृजन हुआ है। साथ ही, सभी मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठनों एवं एसोसिएशनों द्वारा भी इस सराहनीय प्रयास का स्वागत किया गया है।