महात्मा ज्योतिबा राव फुले की जयंती पर निकला विशाल चल समारोह
- मंत्री कुशवाह और सांसद ने दिखाई हरी झंडी
ग्वालियर। शिक्षा के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा राव फुले की 198वीं जयंती के उपलक्ष्य में कुशवाहा समाज द्वारा ऐतिहासिक चल समारोह निकाला गया। यह चल समारोह फूलबाग से प्रारंभ होकर गोल पहाडिया स्थित महात्मा फुले की प्रतिमा स्थल पर पहुंचा।
फूलबाग से शुरू हुए चल समारोह के दौरान मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा, सांसद भारत सिंह कुशवाहा और महात्मा फुले जन कल्याण समिति के अध्यक्ष महेश कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाकर चल समारोह को रवाना किया। चल समारोह में बड़ी संख्या में समाज बंधु मौजूद रहे। चल समारोह में जहां ढोल नगाड़ों के साथ समाज के लोग नाचते नजर आए तो वही बड़ी संख्या में कुशवाहा समाज की महिलाएं भी सिर पर पगड़ी बांधकर समारोह में शामिल हुई। इस दौरान आधा दर्जन से ज्यादा महिलाएं घोड़े पर भी सवार थी। चल समारोह शुरू होने से पहले समाज की तरफ से मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा, सांसद भारत सिंह कुशवाहा और महात्मा फुले जन कल्याण समिति के अध्यक्ष महेश कुशवाहा का स्वागत कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर संरक्षक औतार सिंह कुशवाह एवं कुशवाहा समाज के वरिष्ठ नेता सुग्रीव सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
फूलबाग से रवाना हुआ चल समारोह फूलबाग गुरुद्वारा होता हुआ दीनदयाल सिटी माल पहुंचा जहां ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने चल समारोह का स्वागत किया। चल समारोह में कुशवाहा समाज के अलावा अन्य समाज के लोगों ने भी शिरकत की और ज्योतिबा फुले के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। चल समारोह जब इंदरगंज चैराहे पर पहुंचा तो कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार के अनुपस्थिति में उनके बेटे ने चल समारोह में शामिल लोगों का स्वागत किया। चल समारोह इंदरगंज चैराहे से ओल्ड हाई कोर्ट, दौलतगंज, महाराज बाड़ा, जनकगंज हनुमान चैराहा लक्ष्मीगंज होते हुए गोल पहाड़िया पहुंचा जहां ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। चल समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने भी हिस्सेदारी की। चल समारोह का विभिन्न जगह-जगह पर स्वागत किया गया।
वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ देवेंद्र शर्मा ने भी समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि सत्यशोधक समाज की स्थापना कर महात्मा ज्योतिबा फुले जी ने जातिगत भेदभाव और सामाजिक अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई। शोषितों, वंचितों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए उन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित किया। चल समारोह का स्वागत गोल पहाड़िया ब्लॉक के अध्यक्ष राजेश बाबू, ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल हमीद खान, एमके कुरैशी, जीवाजीराव मंडोले, संजय फड़तरे, अब्दुल हमीद खान, राकेश शर्मा, कैलाश चावला आदि ने किया।