निगम आयुक्त ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा निर्देश
ग्वालियर । निगम आयुक्त संघ प्रिय ने मंगलवार को प्रातः शहर में विभिन्न स्थानों पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निगम आयुक्त ने सर्वप्रथम गोला का मंदिर स्थित कटारे फार्म हाउस के पास बन रहे नगर निगम के कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण किया तथा प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने निर्देश दिए कि काम समय सीमा में पूरा हो तथा गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए और सुरक्षा की दृष्टि से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण की जाएं। इसके साथ ही सभी नियमों का पालन हो और डस्ट ना उड़े इसके लिए ग्रीन नेट भी लगाया जाए।
इसके पश्चात मोती महल में बना रहे नवीन परिषद भवन का कार्य भी देखा तथा विस्तार से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके बाद मोती महल में निगम के म्यूजियम में चल रहे जीर्णोद्वार कार्य का अवलोकन किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। नगर निगम आयुक्त ने कहा कि म्यूजियम के जीर्णोद्धार का कार्य समय पर पूर्ण हो तथा संरक्षित की जा रही ऐतिहासिक वस्तुएं एवं दस्तावेज को प्रॉपर संरक्षित कर रखा जाए। इसके पश्चात जॉन क्रमांक 13 का निरीक्षण किया तथा जोनल ऑफिसर एवं अन्य संबंधित अधिकारियों से जॉन एवं जनमित्र केंद्र के बारे में विस्तार से जानकारी ली। निगम आयुक्त ने यह भी निर्देश दिए कि सभी जनमित्र केन्द्रों पर जनमित्र पर मिलने वाली सुविधाओं, पात्रता तथा आवश्यक दस्तावेज की जानकारी लगाई जाए। निगम आयुक्त संघ प्रिय ने वार्ड क्रमांक 13 तानसेन नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा सफाई व्यवस्था दुरुस्त न पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि इस प्रकार की लापरवाही पुनः नहीं मिलनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉक्टर वैभव श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी अजय ठाकुर उपस्थित रहे।