1 रुपए में टीवी, फ्रिज, साइकिल और खिलौने खरीदकर जरूरतमंदों ने मनाई खुशियों वाली दिवाली

ग्वालियर । दीपावली का पर्व हर किसी के जीवन में खुशियां लेकर आए और आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी अपनी जरूरतों का सामान खरीदकर त्योहार की खुशियां मना सकें, इसी मानवीय भावना के साथ नगर निगम ग्वालियर द्वारा शुरू की गई अनूठी पहल  ‘स्वच्छता की दिवाली एक रुपए वाली’ ने इस बार हजारों जरूरतमंद परिवारों की दीपावली को खास बना दिया। धनतेरस से पूर्व आयोजित इस विशेष अभियान में जरूरतमंद नागरिकों ने महज एक रुपए में टीवी, फ्रिज, आरओ, ट्रॉली बैग, बच्चों की साइकिल, जूते, खिलौने और कपड़ों सहित अनेक उपयोगी वस्तुएं खरीदीं। अपनी पसंद और जरूरत का सामान पाकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य घरों में अनुपयोगी पड़ी ऐसी वस्तुओं को कचरे में जाने से बचाना था, जो किसी दूसरे जरूरतमंद परिवार के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकती हैं। इसी उद्देश्य से 21 अक्टूबर को अभियान की शुरुआत करते हुए निगम की टीमों ने शहरभर में घर-घर संपर्क कर नागरिकों से उनके घरों में रखी अनुपयोगी, लेकिन उपयोग के योग्य सामग्री दान स्वरूप देने की अपील की थी। निगम की इस सकारात्मक पहल को शहरवासियों का भरपूर सहयोग मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक अपनी उपयोगी वस्तुएं दान कीं। नगर निगम की इस पहल ने स्वच्छता के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता, संसाधनों के पुनः उपयोग और जरूरतमंदों की सहायता का भी प्रेरक संदेश दिया। यह अभियान इस बात का उदाहरण बना कि यदि समाज के सक्षम नागरिक अपनी छोटी-सी पहल से सहयोग करें तो हजारों परिवारों के जीवन में खुशियां लाई जा सकती हैं। बाल भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी एवं अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने प्रतीकात्मक रूप से 20 से 25 जरूरतमंद नागरिकों को एक रुपए में सामग्री वितरित की। इसके साथ ही शहर के सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। फूलबाग स्थित मछलीघर सहित विभिन्न वितरण केंद्रों पर बड़ी संख्या में जरूरतमंद नागरिक, महिलाएं और बच्चे पहुंचे तथा अपनी आवश्यकता और पसंद के अनुसार सामग्री प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त मुकेश बंसल, कार्यपालन यंत्री शैलेंद्र सक्सेना, कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर सुश्री विजेता सिंह चौहान, कंसल्टेंट देवेंद्र निम, नवीन राणा सहित आईईसी टीम के सदस्य एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

सुमन ने लिया फ्रिज तो ओमवती ने खरीदी टीवी वहीं देवांश को मिली साइकिल 
स्वच्छता की दिवाली एक रूपये वाली के आयोजन के दौरान जब सामग्री वितरण की जा रही थी, तो उत्सव जैसा माहौल था। गोल पहाडिया निवासी श्रीमती सुमन कुशवाह ने कहा कि मैं भी कई साल से फ्रिज खरीदने का सपना देखती थी, लेकिन आज नगर निगम की इस पहल ने मुझे दीपावली पर फ्रिज खरीदने का मौका दिया। वहीं श्रीमती ओमवती वाल्मीक ने कहा कि हम जब दूसरों के यहां टीवी देखते थे, तो लगता था कि हमारे यहां भी रंगीन टीवी होना चाहिए और नगर निगम ने आज मेरा यह सपना पूरा कर दिया। वहीं ममता गौड ने आरओ तो इरफान ने पलंग खरीदा। कार्यक्रम के दौरान एक बच्चे देवांश की खुशी तो देखते ही बन रही थी, क्योंकि उसे अपने लिए एक साइकिल मिल गई। अन्य लोगों ने भी अपनी जरूरत के हिसाब से सामग्री खरीदी। 

किसी के घर की अनुपयोगी वस्तु, दूसरे के परिवार की खुशियों का उपहार बनी
इस अभियान की सबसे खास बात यह रही कि इसमें शहर के नागरिकों ने दानदाता के रूप में भागीदारी निभाई और जरूरतमंद परिवारों ने सम्मानपूर्वक अपनी पसंद का सामान एक रुपए के प्रतीकात्मक मूल्य पर प्राप्त किया। घरों में लंबे समय से रखे टीवी, फ्रिज, आरओ, बैग, साइकिल, कपड़े, जूते और खिलौने अब दूसरे परिवारों के काम आएंगे। इससे एक ओर जहां उपयोगी वस्तुओं को कचरे में जाने से बचाया गया, वहीं दूसरी ओर जरूरतमंद परिवारों को कम खर्च में अपनी आवश्यकताएं पूरी करने का अवसर मिला।

पिछले वर्ष के मुकाबले पांच गुना अधिक सामग्री का संग्रहण
अभियान को मिली व्यापक जनभागीदारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले वर्ष जहां लगभग 5 हजार वस्तुओं का संग्रहण हुआ था, वहीं इस वर्ष नागरिकों के सहयोग से 25 हजार से अधिक उपयोगी सामग्री एकत्रित की गई। इन वस्तुओं को नगर निगम के विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों में व्यवस्थित रूप से एकत्रित किया गया। इसके बाद जरूरतमंद परिवारों तक इनका लाभ पहुंचाने के लिए वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

posted by Admin
19

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->